हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में ऊना-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर नंदपुर में शनिवार देर रात दिल्ली के पर्यटकों की सियाज कार आग की चपेट में आ गई। कार में सवार तीनों लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे उनकी जान बच गई। आग से कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। पुलिस के अनुसार, दिल्ली के तिलक नगर निवासी अनीश कुमार, अंशुल मित्तल और चंद्र चोपड़ा श्री बगलामुखी माता मंदिर में माथा टेकने आए थे। शनिवार रात वे कार से दिल्ली लौट रहे थे। रात करीब 12:30 बजे नंदपुर पहुंचने पर चालक ने कार के बोनट से धुआं निकलते देखा। स्थिति भांपते हुए चालक ने तुरंत गाड़ी रोक दी। इसके बाद तीनों पर्यटक कार से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में कार में आग भड़क उठी और देखते ही देखते वाहन जलने लगा। पुलिस टीम मौके पर पहुंची घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। आग बुझाने के लिए अग्निशमन विभाग की गाड़ी भी बुलाई गई, लेकिन दमकल कर्मियों के पहुंचने तक कार जल चुकी थी। हादसे के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। कार में सवार तीनों लोग सुरक्षित: डीएसपी डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि कार में सवार तीनों पर्यटक सुरक्षित हैं। किसी को चोट नहीं आई है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है।

Spread the love