हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में धर्मपुर-कोटली-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग-03 पर सोमवार सुबह हवानी के पास डंगा गिरने से बजरी से लदा टिप्पर अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 200 मीटर नीचे जा गिरा। हादसे में टिप्पर चालक निर्मल सिंह (50) की मौत हो गई। टिप्पर बरोटी की ओर जा रहा था। डंगा गिरने से अनियंत्रित हुआ टिप्पर प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माण कार्य के दौरान हवानी के पास यह हादसा हुआ। डंगा गिरने के बाद बजरी से लदा टिप्पर सड़क से नीचे लुढ़क गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धर्मपुर विनोद कुमार की अगुवाई में पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की। स्थानीय लोगों ने पहुंचाया सड़क तक हादसे के दौरान घटनास्थल के पास बिजली लाइन का काम कर रहे ठेकेदार मेहुल तपवाल और उनके साथ काम कर रहे मजदूरों ने घायल चालक को सड़क तक पहुंचाने में मदद की। इसके बाद उसे 108 एंबुलेंस के माध्यम से नागरिक अस्पताल धर्मपुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद निर्मल सिंह को मृत घोषित कर दिया। प्रशासन ने दी 25 हजार रुपए की राहत हादसे की सूचना मिलने पर एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल नागरिक अस्पताल पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मृतक के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन की ओर से परिवार को 25 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल सरकाघाट भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और डंगा गिरने के पीछे क्या कारण रहे, इसका पता लगाया जा रहा है।

Spread the love