हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना के उपमंडल अंब के कुठियाड़ी में एक ट्रक चालक ने एक साथ चार वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दुर्घटना में छह लोग घायल हुए हैं जिनमें से एक घायल को गंभीर हाथ के चलते क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया है। जानकारी अनुसार वीरवार सुबह करीब 9:30 बजे ऊना की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रक नंबर HP-12F-7596 के चालक ने अंब से मैहतपुर की ओर जा नेशनल हाईवे अथॉरिटी के कैंपर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयंकर थी कि ट्रक कैंपर को लगभग 30 फीट तक घसीटते हुए ले गया जिसके चलते कैंपर के पीछे चल रही एक कार, मोटरसाइकिल और स्कूटी भी इसकी चपेट में आ गए। दुर्घटना में कार और कैंपर के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में घायल हुए लोगों की पहचान वाइक सवार अभिषेक (25) निवासी नकड़ोह,केम्पर चालक बाबूराम (60) निवासी हरीपुर दोसड़का, सविता (35) निवासी कटौहड़ खुर्द, गोल्डी सिंह (40) निवासी कटौहड़ खुर्द, आदित्य (23) निवासी अंबाला तथा स्कूटी चालक विशाल (23) निवासी लोअर अंदौरा के रूप में हुई है। लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद घायलों को उपचार के लिए सीविल अस्पताल अंब पहुंचाया।इनमें अभिषेक को सिर और गर्दन में चोटें आई हैं। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया। पुलिस ने शुरू की जांच हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना अंब की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। वहीं, हादसे की भयावहता को देखते हुए ट्रक चालक का क्लीनर मौके से फरार हो गया। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि की है।