हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में सोमवार दोपहर के वक्त नेशनल हाईवे-505 पर सेना के दो ट्रकों और एक सिविल ट्रक के बीच टक्कर हो गई। इसमें सेना के चार जवान घायल हो गए। घायलों को चांगो के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। टक्कर के बाद तीनों ट्रक सड़क पर पलट गए। यह हादसा सोमवार दोपहर करीब 1:30 बजे पूह थाना क्षेत्र के तहत मलिंग से चांगो की ओर जाने वाले NH-505 पर लिटीधार के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, सेना के दोनों ट्रक बॉर्डर एरिया की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सेना के ट्रकों की एक सिविल ट्रक (नंबर HP63D5617) के साथ टक्कर हो गई। टक्कर के बाद तीनों वाहन सड़क पर पलट गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सेना के ट्रकों में सवार चार जवान घायल हो गए, जबकि सिविल ट्रक का चालक सुरक्षित बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ घटनास्थल पर स्थिति का जायजा लिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की पुलिस ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना किस वजह से हुई। पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। किन्नौर हादसे के PHOTOS..