रामपुर में शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस की बैठक परिधि गृह में आयोजित की गई। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी विदित चौधरी, शिमला जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरी कृष्ण हिमराल और जिला कांग्रेस प्रभारी रमेश ठाकुर ने भाग लिया। रामपुर पहुंचने पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेताओं का पारंपरिक स्वागत किया। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी विदित चौधरी ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए बूथ, मंडल और ब्लॉक स्तर पर कार्यकारणियों का गठन किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। चौधरी ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव संपन्न हो चुके हैं। ऐसे में पार्टी कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भुलाकर कांग्रेस की मजबूती के लिए मिलकर काम करना होगा। उन्होंने बताया कि संगठन विस्तार के साथ सरकार की उपलब्धियों और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी को भारी मतों से जीत दिलाई जा सके। भाजपा की नीतियों का मुकाबला करने का आह्वान विदित चौधरी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा ‘चंदा चोर’ पार्टी बन चुकी है और कांग्रेस विधायकों को खरीदने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा की नीतियों का मजबूती से मुकाबला करने का आह्वान किया। संगठन से जुड़े मुद्दे और समस्याएं नेताओं के समक्ष उठाए बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दे और समस्याएं नेताओं के समक्ष रखीं। नेताओं ने उनकी समस्याओं को सुना और उचित समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी, विभिन्न मंडलों के कार्यकर्ता और अन्य पार्टी नेता भी मौजूद रहे।