बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया ने हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की बड़सर विधानसभा के खलौत गांव निवासी संजय कुमार ठाकुर को फीबा अंडर-18 पुरुष बास्केटबॉल एशिया कप 2026 के लिए प्रमाणित तकनीकी अधिकारी नामित किया है। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 13 से 23 अगस्त 2026 तक अहमदाबाद (गुजरात) के वीर सावरकर इंडोर स्टेडियम, नारनपुर में आयोजित होगी। संजय कुमार ठाकुर बड़सर उपमंडल की सठवीं ग्राम पंचायत के खलौत गांव से संबंध रखते हैं। वर्तमान में वह हमीरपुर जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, टोणी देवी में शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। वह फीबा प्रमाणित तकनीकी अधिकारी हैं और लंबे समय से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बास्केटबॉल ऑफिशियेटिंग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। हिमाचल प्रदेश बास्केटबॉल एसोसिएशन ने 17 जुलाई 2026 को विद्यालय शिक्षा निदेशक, हिमाचल प्रदेश को पत्र जारी कर संजय ठाकुर को इस प्रतियोगिता के लिए कार्यमुक्त करने का अनुरोध किया है। उन्हें 11 अगस्त 2026 को अहमदाबाद में रिपोर्ट करना होगा और 24 अगस्त 2026 को प्रतियोगिता समाप्त होने के बाद वापस लौटना है। खेलो इंडिया और नेशनल गेम्स में दे चुके सेवाएं यह संजय ठाकुर का पांचवां अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट होगा। इससे पहले, वह खेलो इंडिया और नेशनल गेम्स में हर वर्ष भागीदारी करते रहे हैं। विभिन्न स्कूलों में सेवाएं देने के दौरान उन्होंने 50 से अधिक बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर बास्केटबॉल का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्रदान किया है। सुक्खू और अनुराग ने दी बधाई उनकी इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, पूर्व केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर, बड़सर विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, मंडल अध्यक्ष ढटबाल यशवीर सिंह पटयाल, कांग्रेस नेता सुभाष ढटवालिया, हिमुडा डायरेक्टर राजेश वन्याल, नशा निवारण बोर्ड सदस्य रूबल ठाकुर, कांग्रेस नेता संदीप सिंह सहित कई अन्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।