हिमाचल प्रदेश में अगले छह दिनों तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) शिमला ने 1 से 3 जुलाई के बीच राज्य के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने 2 जुलाई के लिए कई जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 28, 29 और 30 जून को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर शुरू होगा। इस दौरान कुछ इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। 1 जुलाई से बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी, जिससे 1, 2 और 3 जुलाई को राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी सहित कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना व्यक्त की है। खराब मौसम के मद्देनजर लोगों से नदी-नालों से दूर रहने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। जून महीने में प्रदेश में सामान्य से कम बारिश इस वर्ष जून महीने में प्रदेश में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून अभी तक हिमाचल प्रदेश में प्रवेश नहीं कर पाया है और अगले चार दिनों तक इसके पहुंचने की संभावना भी कम है। यदि मौसम प्रणाली अनुकूल रही, तो मानसून जुलाई के पहले सप्ताह में हिमाचल में दस्तक दे सकता है। अगले तीन से चार दिनों तक अधिकतम तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। शनिवार को प्रदेश में ऊना रहा सबसे गर्म शनिवार को प्रदेश में ऊना सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद नेरी में 39.1, बिलासपुर में 37.5, सुंदरनगर में 36.4, मंडी में 36.2 और भुंतर व बरठीं में 36.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी शिमला का अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री, धर्मशाला का 32.0, मनाली का 28.8 और कुफरी का 20.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार को केवल धर्मशाला में 17.1 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि अधिकांश अन्य मौसम केंद्रों पर बारिश नहीं हुई।

Spread the love