हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में एक सैलून में हेड मसाज के दौरान एक ऑस्ट्रेलियाई महिला से कथित तौर पर छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सैलून कर्मचारी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, विदेशी महिला पालमपुर घूमने आई हुई थी और एक स्थानीय होटल में ठहरी थी। वह मानसिक और शारीरिक सुकून के लिए पास के एक सैलून में हेड मसाज करवाने गई थी। आरोप है कि मसाज करने के दौरान सैलून के कर्मचारी ने महिला के साथ अभद्र व्यवहार किया और छेड़छाड़ की। सीधे थाने पहुंची विदेशी महिला महिला ने मौके पर ही कर्मचारी के इस कृत्य का विरोध किया और सीधे पुलिस थाने पहुंची। उसने पुलिस को घटना की जानकारी देते हुए औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने महिला के बयान दर्ज कर आरोपी कर्मचारी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया। पुलिस अब सैलून के आसपास के साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गई है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस ने दर्ज की शिकायत, जांच जारी पालमपुर के डीएसपी सुनील राणा ने बताया, “यह मामला कुछ दिन पुराना है। विदेशी महिला की शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज कर लिया था। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर निष्पक्षता से जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”

Spread the love