पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-154ए) लगभग 19 घंटे बाद रविवार दोपहर 12:30 बजे यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के चलते यह मार्ग अवरुद्ध हो गया था। मार्ग खुलने से क्षेत्र के लोगों और यात्रियों को राहत मिली है। यह घटना शनिवार शाम करीब 5 बजे गेहरा के पास हुई। भारी बारिश के कारण पहाड़ी से अचानक बड़ी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर आ गिरे, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह बंद हो गया। मार्ग अवरुद्ध होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों यात्री घंटों तक फंसे रहे। मशीनरी और कर्मचारियों को मौके पर किया तैनात राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और संबंधित विभाग ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की। रात के समय ही मशीनरी और कर्मचारियों को मौके पर तैनात कर दिया गया था। हालांकि, भूस्खलन के कारण सड़क पर भारी मात्रा में मलबा जमा होने से मार्ग को तुरंत बहाल करना संभव नहीं हो पाया। विभागीय कर्मचारियों ने पूरी रात और रविवार सुबह तक युद्ध स्तर पर बहाली कार्य जारी रखा। बस सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित मार्ग बंद होने से भरमौर, चंबा और अन्य क्षेत्रों की ओर जाने वाली बस सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हुईं। कई यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था का सहारा लेना पड़ा, जबकि कुछ यात्रियों को मार्ग खुलने का घंटों इंतजार करना पड़ा। मलबा पूरी तरह हटा दिया लगातार प्रयासों के बाद रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे मार्ग से मलबा पूरी तरह हटा दिया गया और इसे यातायात के लिए खोल दिया गया। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि बरसात के मौसम में पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतें। यात्रा से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी अवश्य ले लें।

Spread the love