हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की सुजानपुर तहसील के चमियाना पंचायत में लगभग 10 फुट लंबा एक रॉक पाइथन पकड़ा गया है। यह अजगर पिछले कई दिनों से खेतों में दिखाई दे रहा था, जिससे स्थानीय लोगों ने खेतों में जाना बंद कर दिया था। अजगर के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। उप प्रधान सुभाष सडयाल ने बताया कि यह सांप लगभग 10 दिनों से ग्रामीणों को दिख रहा था। इस कारण लोग अपने खेतों में जाने से कतरा रहे थे। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पंचायत उप प्रधान को दी, जिसके बाद उन्होंने लोगों से अजगर को नुकसान न पहुंचाने और उस पर नजर रखने का आग्रह किया। स्नेक सेवर ने किया काबू उप प्रधान सडयाल ने तुरंत स्नेक सेवर माथुर धीमान को घटना की जानकारी दी। माथुर धीमान मौके पर पहुंचे और सफलतापूर्वक अजगर को काबू कर लिया। धीमान ने बताया कि रॉक पाइथन की मांसपेशियां बहुत मजबूत होती हैं। यह अपने शिकार को जकड़कर सांस रोक देता है और फिर उसे पूरा निगल जाता है। माथुर धीमान के अनुसार, यह सांप अपनी केंचुली छोड़ रहा था और अक्सर धूप सेंकने के लिए बाहर निकलता है। रॉक पाइथन आमतौर पर शर्मीले स्वभाव के होते हैं और आबादी वाले इलाकों से दूर रहना पसंद करते हैं। ये मुख्य रूप से छोटे जानवरों का शिकार करते हैं। माथुर धीमान ने बताया कि पकड़े गए सांप को जल्द ही आबादी से दूर जंगल में छोड़ दिया जाएगा, ताकि वह अपने प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रह सके। ग्राम पंचायत उप प्रधान सुभाष सडयाल ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि सांप पर्यावरण के मित्र होते हैं और हमें उनकी रक्षा करनी चाहिए।

Spread the love