हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के गगरेट औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक सरिया उद्योग में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। जिसमें दो कामगारों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना सुबह करीब साढ़े दस बजे हुई, जब उद्योग में स्क्रैप उठाने के लिए इस्तेमाल की जा रही एक क्रेन अचानक पलट गई। क्रेन पर लदा स्क्रैप नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया, जिससे पांच मजदूर घायल हो गए। घायल मजदूरों को तत्काल सिविल अस्पताल गगरेट ले जाया गया। डॉक्टरों ने वहां दो कामगारों को मृत घोषित कर दिया। तीन गंभीर रूप से घायल मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया। दो की मौत, तीन घायल मृतकों की पहचान बिहार निवासी शंभू मुशहर पुत्र किशन मुशहर और गगरेट निवासी मुन्ना पुत्र भीम सिंह के रूप में हुई है। घायलों में कांगड़ा जिले के देहरा निवासी रवि पुत्र हंसराज, सरयालां हाजीपुर निवासी पार्क सिंह और ऊना जिले के बढेड़ा निवासी बलजीत सिंह शामिल हैं। मामले की जांच कर रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित यादव घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर हादसे के कारणों की गहन जांच कर रही है। दुर्घटना के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।