हिमाचल प्रदेश के मंडी और बिलासपुर जिला में आज कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है। खासकर, वाहन चालकों को सुबह 10 बजे तक विजिबिलिटी गिरने के कारण गाड़ी चलाने में कठिनाई हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मंडी के बल्ह क्षेत्र और बिलासपुर के बीबीएमबी एरिया के आसपास कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, बीते 24 घंटे के दौरान शिमला समेत अधिक ऊंचे क्षेत्रों के न्यूनतम तापमान में गिरावट और मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में भारी उछाल दर्ज किया गया है। शिमला का न्यूनतम तापमान इस सीजन में पहली बार नॉर्मल से 1.1 डिग्री कम के साथ 8.4 डिग्री तक गिरा है। ताबो का न्यूनतम पारा भी माइनस 2.2, कुकुमसैरी का माइनस 1.8 डिग्री और केलांग का पारा माइनस 0.4 डिग्री तक गिर चुका है। ऊना के रात के तापमान में 5.4 डिग्री का उछाल इसके विपरीत, ऊना का न्यूनतम तापमान नॉर्मल से 5.4 डिग्री उछाल के साथ 15.5 डिग्री, कुल्लू के भुंतर का 4.2 डिग्री ज्यादा के साथ 11.3 डिग्री, सोलन का 3.7 डिग्री ज्यादा के साथ 11.0 डिग्री और सुंदरनगर का 4.1 डिग्री ज्यादा के साथ 12.7 डिग्री सेल्सियस हो गया है। अगले पांच दिन खिलेगी धूप मौसम विभाग के अनुसार, आज से अगले पांच दिन तक पहाड़ों पर मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। इससे निचले व मध्यम ऊंचाई वाले भागों में तापमान सामान्य से अधिक रहेगा। हालांकि, अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सामान्य से से कम तापमान रहने का पूर्वानुमान है। पोस्ट मानसून सीजन में सामान्य से 142% ज्यादा बारिश प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद पोस्ट मानसून सीजन में सामान्य से 142 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। प्रदेश में एक अक्टूबर से 5 नवंबर तक औसत 28.5 मिलीमीटर सामान्य बारिश होती है, लेकिन इस बार 69.1 मिलीमीटर बादल बरस चुके हैं।

Spread the love