हिमाचल की राजधानी शिमला में कांग्रेस आज (शुक्रवार) ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैली करने जा रही है। इससे पहले शिमला के पीटरहॉफ में सुबह 9 बजे कांग्रेस विधायक दल की मीटिंग बुलाई गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू की अध्यक्षता में होने वाली इस मीटिंग में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल विशेष रूप से शामिल होंगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशों पर प्रदेश कांग्रेस 22 अगस्त से 7 सितंबर तक ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान चलाने जा रही है। इस अभियान की रूपरेखा व तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने शिमला के पीटरहॉफ में विधायक दल की मीटिंग बुलाई है। इसमें सभी मंत्रियों-विधायकों, 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों और कांग्रेस के सभी पूर्व पदाधिकारियों को वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान को लेकर निर्देश दिए जाएंगे। इस अभियान को लेकर विधायक दल मीटिंग में विस्तृत चर्चा होगी। वोट चोरी से जनता को अवगत कराएगी कांग्रेस: प्रतिभा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा, इस अभियान के दौरान जनता को बताया जाएगा कि किस प्रकार जनता के वोट चुराकर लोकतंत्र की हत्या की गई है। उन्होंने कहा, बीजेपी ने इलेक्शन कमीशन के साथ मिलकर जनता के वोट चुराए हैं। कांग्रेस पार्टी जनता को इन सब बातों से अवगत कराएगी। पहले रैली, फिर हस्ताक्षर अभियान चलाएगी कांग्रेस अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशों पर यह अभियान आज से शुरू हो रहा है। इसके तहत ब्लॉक, जिला व राज्य स्तर पर रैलियां करने की योजना है। इसके बाद 15 सितंबर से 15 अक्टूबर तक देशभर में हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। रजनी पाटिल शिमला पहुंची शिमला में होने वाली विधायक दल में शामिल होने के लिए कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल गुरुवार देर शाम को शिमला पहुंच गई है। शिमला में होने वाली रैली में मुख्यमंत्री सुक्खू, रजनी पाटिल, प्रतिभा सिंह, मुकेश अग्निहोत्री, मंत्री, प्रदेश के सह प्रभारी चेतन चौहान व विदित चौधरी पार्टी के सभी MLA, बोर्डों निगमों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी पूर्व सदस्य, जिला व ब्लॉक कमेटी के सभी पूर्व पदाधिकारी और अग्रणी संगठनों के पदाधिकारी भाग लेंगे।

Spread the love