हिमाचल विधानसभा मानसून सत्र में आज हिमाचल निर्माता एवं प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार को भारत रत्न देने की मांग उठेगी। नाहन के विधायक अजय सोलंकी गैर सरकारी संकल्प के तहत डॉ. परमार के देश व प्रदेश के लिए योगदान को देखते भारत रत्न देने की मांग करेंगे। 4 अगस्त 1906 को सिरमौर में जन्मे यशवंत सिंह परमार भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के एक प्रमुख नेता थे। हिमाचल प्रदेश को अस्तित्व में लाने और विकास की आधारशिला रखने में उनका बड़ा योगदान रहा है। उनके प्रयासों से ही 15 अप्रैल 1948 को 30 रियासतों के विलय के बाद हिमाचल प्रदेश बन पाया। 25 जनवरी 1971 को इस प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा उनके प्रयासों से मिला। वह 1952 से 56 तक हिमाचल के मुख्यमंत्री, 1957 में सांसद और 1963 से 24 जनवरी 1977 तक हिमाचल के दूसरी बार मुख्यमंत्री बने। आज उन्हें भारत रत्न देने की वकालत की जाएगी। अपनी ही सरकार को घेर सकते हैं कुलदीप राठौर वहीं, विधानसभा में आज शिमला से बागवानी निदेशालय को शिमला से ठियोग के लिए शिफ्ट करने का मामला भी गूंज सकता है। ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने इससे जुड़ा सवाल पूछ रखा है। सूत्रों की माने तो राठौर ने तीन दिन पहले कांग्रेस विधायक दल मीटिंग में राजधानी शिमला से सरकारी दफ्तरी धर्मशाला शिफ्ट करने पर एतराज जताया था। लिहाजा आज सप्लिमेंटरी सवाल के जरिए यह मामला विधानसभा में गूंज सकता है। कुलदीप राठौर अपनी ही सरकार को दफ्तर शिफ्ट करने के मसले पर घेर सकते हैं, क्योंकि हिमाचल सरकार रेरा, पर्यटन निगम समेत कई दफ्तर धर्मशाला शिफ्ट करने का फैसला कर चुकी है। इको टूरिज्म पॉलिसी पर चर्चा होगी विधानसभा में आज इको टूरिज्म पॉलिसी और हिमालयी पारिस्थितिकी संरक्षण की समीक्षा पर भी चर्चा होगी। बीजेपी विधायक जेआर कटवाल ने इसे लेकर गैर सरकारी संकल्प का नोटिस दे रखा है।