हिमाचल प्रदेश की मंडी में अटल मेडिकल रिसर्च यूनिवर्सिटी को सरकाघाट स्थानांतरित करने की मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की घोषणा का विरोध शुरू हो गया है। भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी ने इस फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण और अन्यायपूर्ण बताया है। विधायक ने बताया कि यूनिवर्सिटी पिछले 7 वर्षों से नेरचौक में स्थापित है। यहां 125 बीघा भूमि पहले ही अधिगृहीत की जा चुकी है। साथ ही ग्राम पंचायत मंडल के मुजार क्षेत्र में 200 बीघा भूमि का चयन भी किया जा चुका है। इस जमीन का निरीक्षण राजस्व विभाग, यूनिवर्सिटी प्रशासन और पंचायतों ने कई बार किया है। विधायक बोले- कॉलेज के नजदीक होने से मिलेगी सुविधा विधायक ने बताया कि पूर्व जयराम सरकार ने मेडिकल कॉलेज नेर चौक से लगभग 2 किलोमीटर दूर मांडल में जगह चुनी थी। इस स्थान का निरीक्षण राजस्व विभाग के अधिकारी, मंडल अधिकारी, उप कुलपति और अटल रिसर्च मेडिकल यूनिवर्सिटी के अधिकारियों ने चार बार किया है। मेडिकल कॉलेज के नजदीक होने से जनता और विद्यार्थियों को अधिक सुविधा मिलेगी। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी ने इस निर्णय को वापस लेने की मांग की है। व्यापार मंडल, सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने भी फैसले का विरोध किया है। इंद्र सिंह गांधी ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने यह निर्णय वापस नहीं लिया तो जनता इसका करारा जवाब देगी।

Spread the love