हिमाचल प्रदेश के कुछ भागों में मानसून की एंट्री के साथ ही भारी बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग ने कल (22 जून) के लिए 7 जिलों ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, कांगड़ा, शिमला, सोलन और सिरमौर में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसे देखते हुए स्थानीय लोगों सहित टूरिस्ट को जलभराव वाली जगह से दूर रहने, लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों और नदी नालों के आसपास नहीं जाने की सलाह दी गई है। भारी बारिश के बाद अचानक नदियों का जल स्तर बढ़ सकता है। लैंडस्लाइड की घटनाएं पेश आ सकती हैं। अभी इन जगह पहुंचा मानसून मौसम विभाग के अनुसार, बीती शाम तक शिमला, किन्नौर, सिरमौर और मंडी जिला के कई भागों में मानसून पहुंच गया है। आज आसपास के जिलों को पहुंच सकता है। मानसून की रफ्तार ठीक रही तो कल शाम तक पूरे प्रदेश में पहुंच सकता है। साल 2000 में 9 जून को पहुंचा मानसून एंट्री की नॉर्मल डेट 25 जून है। मगर इस बार 5 दिन पहले ही मानसून पहुंचा है। इससे पहले वर्ष 2000 में 9 जून को भी हिमाचल में मानसून पहुंच चुका है। साल 2021 में 13 जून को मानसून ने दस्तक दी थी। आज इन जिलों में बारिश का अनुमान मौसम विभाग की माने तो आज भी ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, शिमला, सोलन और सिरमौर जिला में अच्छी बारिश हो सकती है। अन्य जिलों में मौसम साफ या हल्के बादल छाए रहने का पूर्वानुमान है। परसों मंडी-कांगड़ा में ऑरेंज अलर्ट 23 जून को कांगड़ा और मंडी जिला में ऑरेंज अलर्ट दिया गया है। इस दिन शिमला, सोलन और सिरमौर जिला में यलो अलर्ट की चेतावनी दी गई है। 24 जून को चंबा, कांगड़ा, मंडी, सोलन व सिरमौर जिला में यलो अलर्ट दिया गया है।