हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के चचेरे भाई कुलदीप कुमार का आज निधन हो गया। इसके बाद मुख्यमंत्री सुक्खू भी दोपहर सवा 12 बजे शिमला से हमीरपुर के लिए रवाना हुए और चचेरे भाई के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। बताया जा रहा है कि कुलदीप कुमार लंबे समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने आज सुबह साढ़े तीन बजे नादौन स्थित घर पर अंतिम सांस ली। आज दोपहर बाद उनका पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया। कुलदीप के बड़े बेटे ने दिवंगत पिता की पार्थिव देह को मुखाग्नि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के अलावा अर्की के विधायक संजय अवस्थी, सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा, सुमन भारती, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, उपायुक्त अमरजीत सिंह, एसपी भगत सिंह ठाकुर और जिला के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। अवतार के परिजनों से भी मिले सीएम इसके बाद सीएम सुक्खू अमतर में दिवंगत कांग्रेसी नेता अवतार सिंह ठाकुर के घर भी पहुंचे और वहां शोकग्रस्त परिवार को सांत्वना दी। सात बार बेला पंचायत के प्रधान रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अवतार सिंह ठाकुर का कुछ समय पहले निधन हो गया था। शाम को शिमला लौटेंगे सीएम
मुख्यमंत्री सुक्खू अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद शाम वापस शिमला लौट रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भाई के निधन पर शोक व्यक्त किया और मृतक की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना का।

Spread the love