हिमाचल प्रदेश के धार्मिक पर्यटन स्थल मणिकर्ण में गुरुद्वारे के पास रविवार शाम करीब 4 बजे पहाड़ी से लैंडस्लाइड हो गया। मलबे में दबने से 6 लोगों की मौत हो गई। कुछ लोगों के अभी मलबे में दबे होने की आशंका है। प्रशासन और पुलिस रेस्क्यू में जुटी हुई है। लैंडस्लाइड के साथ एक बड़ा चीड़ का पेड़ भी सड़क पर आ गिरा। इसकी चपेट में सड़क किनारे खड़ी तीन से चार गाड़ियां भी आ गईं। कुछ लोग गाड़ियों के अंदर ही फंस गए। गाड़ियों में बैठे लोग भी घायल हुए हैं। घायलों की संख्या अभी स्पष्ट नहीं है। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और गंभीर रूप से घायल लोगों को कुल्लू रेफर किया गया है। सड़क पर आए मलबे को हटाकर इसके नीचे दबे लोगों की तलाश जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लैंडस्लाइड के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। डीसी कुल्लू तोरुल एस रवीश ने बताया कि 6 लोगों के मौत की सूचना है। जिला प्रशासन और पुलिस मौके पर है, राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है। मृतकों की शिनाख्त नहीं, टूरिस्ट हो सकते हैं
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से 6 लोगों के शव निकाल लिए हैं। अभी इनकी पहचान नहीं हो सकी है, पहचान के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है। मृतकों में कई पर्यटक हो सकते हैं, क्योंकि मणिकर्ण में देशभर से धार्मिक टूरिस्ट दर्शन करने पहुंचते हैं। लैंडस्लाइड के बाद सड़क बंद
पहाड़ी से लैंडस्लाइड के बाद कुल्लू को मणिकर्ण से जोड़ने वाली सड़क जाम हो गई है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी लंबी कतारे लग गई हैं। इसे देखते हुए पुलिस ने मणिकर्ण से पहले ही ट्रैफिक रोक दिया है, ताकि घायलों को एम्बुलेंस से जल्द अस्पताल पहुंचाया जा सके। हादसे के बाद की तस्वीरें देखिए… हम लगातार खबर अपडेट कर रहे हैं….