मनाली-केलांग राष्ट्रीय राजमार्ग पर धुंधी के पास गुरुवार सुबह हिमस्खलन की घटना हुई। यह घटना धुंधी पुल से सोलंगनाला की तरफ करीब 200 मीटर की दूरी पर सुबह 10 बजे हुई। हिमस्खलन में किसी वाहन को नुकसान नहीं पहुंचा और कोई जानी हानि नहीं हुई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल और सोलंग नाला में सभी वाहनों की आवाजाही रोक दी। यह कदम जाम की स्थिति से बचने के लिए उठाया गया। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने मार्ग को जल्द बहाल करने के लिए मशीनें लगा दी हैं। इन दिनों हजारों पर्यटक सिस्सू की बर्फीली वादियों का आनंद लेने के लिए इस मार्ग का उपयोग कर रहे हैं। मनाली के डीएसपी केडी शर्मा ने पर्यटकों को सावधान किया है। उन्होंने बताया कि सोलंगनाला से धुंधी तक का क्षेत्र हिमस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील है। चालकों को इस मार्ग पर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मार्ग बहाल होते ही यातायात सुचारू कर दिया जाएगा।

Spread the love