हिमाचल प्रदेश के ऊना की नगर पंचायत अंब में एक साधु का शव बरामद हुआ है। मृतक साधु पिछले तीन साल से स्थानीय श्मशान घाट में रह रहा था। श्मशान घाट में रहने वाले एक अन्य साधु धर्मवीर ने बताया कि कुछ समय पहले मृतक को पैरालिसिस हो गया था। इसके बाद वह बाबा मस्त की समाधि के पास रहने लगा था। स्थानीय लोग उसे दिन में दो बार भोजन उपलब्ध कराते थे। नगर पंचायत के सफाई कर्मचारी उसकी देखभाल में मदद करते थे। मंगलवार सुबह साधु को उसके बिस्तर के पास मृत अवस्था में पाया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने सबसे पहले नगर पंचायत अध्यक्ष को इसकी सूचना दी। अध्यक्ष ने तुरंत पुलिस को सूचित किया और आवश्यक व्यवस्था की। एसएचओ अनिल उपाध्याय ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ऊना भेज दिया है। मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।