हिमाचल प्रदेश के राजभवन में आयोजित विशेष अलंकरण समारोह में 76 वीर जवानों को उनकी विशिष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने राष्ट्रपति पदक, पुलिस पदक, गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा और जीवन रक्षा पदक प्रदान किए। विशेष सम्मान पाने वालों में होमगार्ड और सिविल डिफेंस की कमांडेंट जनरल सतवंत अटवाल त्रिवेदी को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से नवाजा गया। साथ ही, सीबीआई नई दिल्ली में अतिरिक्त निदेशक एन. वेणुगोपाल को भी विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक प्रदान किया गया। राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि पहाड़ी राज्य की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में पुलिस और गृह रक्षा बलों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने विशेष रूप से नशे के खिलाफ लड़ने वाले जवानों की सराहना की और कहा कि उनका योगदान समाज को इस बुराई से मुक्त करने में प्रेरणादायक है। यह अलंकरण समारोह 2020 के बाद पहली बार आयोजित किया गया। सभी सम्मानित जवानों ने आपदा प्रबंधन, अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सामाजिक शांति बनाए रखने में उल्लेखनीय योगदान दिया।

Spread the love

By