शिमला के रामपुर के रहने वाले पुलिस इंस्पेक्टर बलदेव कुमार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। वर्तमान में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) में इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत बलदेव कुमार ने अपने 22 वर्षों के सेवाकाल में कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। बलदेव कुमार ने 2002 में भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) में कॉन्स्टेबल के रूप में अपनी सेवा शुरू की। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षा के माध्यम से 2007 में सब-इंस्पेक्टर और 2010 में इंस्पेक्टर का पद प्राप्त किया। 2023 में उन्हें सूबेदार मेजर के पद पर पदोन्नत किया गया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर से लेकर अरुणाचल प्रदेश तक भारत-चीन सीमा पर सेवाएं दीं। आईटीबीपी अकादमी में तीन साल तक प्रशिक्षक रहे और 2014-15 में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के तहत कांगो में भी तैनात रहे। उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें पुलिस स्पेशल ड्यूटी पदक, संयुक्त राष्ट्र पदक, उत्कृष्ट सेवा पदक, स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पदक और तीन महानिदेशक प्रतीक चिन्ह से नवाजा जा चुका है। सब-इंस्पेक्टर प्रशिक्षण के दौरान उन्हें सर्वश्रेष्ठ इंडोर ट्रेनी का सम्मान भी मिला। गांव सुधा, ग्राम पंचायत सरपारा, तहसील रामपुर बुशहर के निवासी बलदेव कुमार के पिता का नाम कायत राम कपूर और माता का नाम दिलावरी कपूर है। उनकी सराहनीय सेवाओं को देखते हुए गणतंत्र दिवस 2025 पर राष्ट्रपति द्वारा पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा।

Spread the love

By