हिमाचल के सिरमौर में 4 भाइयों ने एक ही दिन शादी कर ली। इससे परिवार अब सुर्खियों में है। ये परिवार गिरीपार क्षेत्र के कमरऊ गांव में रहता है। चारों भाइयों की बारात 7 दिसंबर की सुबह 4 अलग-अलग जगहों पर गई और शाम को ही वापस गांव में लौट आई। परिवार ने चारों बहुओं का गृह प्रवेश भी एक साथ कराया। एक दूल्हे राहुल राणा ने बताया कि उनके पिता व चाचा 4 भाई हैं। चारों भाई इकट्ठे रहते हैं। उनका 20 से ज्यादा लोगों का परिवार एक साथ रहता है। सभी लोगों का खाना एक चूल्हे पर पकता है। 4 भाइयों के 5 बेटे और 4 बेटी हैं। 3 बहनों की पहले ही शादी हो चुकी है, जबकि 4 भाइयों का शादी समारोह 2 दिन पहले संपन्न हुआ। चोरों की शादियों में करीब 3 हजार से ज्यादा मेहमान शामिल हुए। 2 भाइयों का रिश्ता पहले हुआ, फिर भी इंतजार किया
राहुल ने बताया कि उनके 2 भाइयों का रिश्ता पांच-छह साल पहले हो गया था। मगर सभी भाइयों ने एकजुटता और भाईचारे का संदेश देने के मकसद से एक साथ शादी करने का फैसला लिया। इसलिए जब तक 2 और भाइयों का रिश्ता नहीं हुआ, तब तक शादी नहीं की। सिरमौर में कहां गई चारों भाइयों की बारात
राहुल ने बताया कि चारों भाइयों की बारात 7 दिसंबर को मकराणा, नगेता, पांवटा और गोरखूवाला गईं। देर शाम तक चारों भाइयों की बारात वापस घर लौट आई। किस भाई की शादी किससे हुई
33 वर्षीय अजय राणा की शादी मकराणा की रहने वाली ऊमा देवी के साथ हुई। जबकि 32 साल के राहुल की शादी नगेता की बबली, 31 साल के रोहित की शादी पांवटा की बबीता और 29 साल के विजय की शादी गोरखूवाला की दीपा के साथ हुई। राहुल और रोहित राम लाल और कला देवी के बेटे हैं। जबकि अजय के माता-पिता मदन व सुखा देवी और विजय के माता-पाता सूरत व आशा देवी हैं। प्रधान बोले- परिवार ने मिलजुलकर रहने की मिसाल पेश की
कमरऊ पंचायत के प्रधान मोहन ठाकुर ने बताया कि ये अच्छी पहल है। इन दिनों परिवारों का विघटन हो रहा है। लोग हर महीने पंचायत में परिवार अलग करने की एप्लीकेशन देते हैं। मगर, जूमा देवी (दूल्हे की दादी) का पूरा परिवार एक जगह इकट्‌ठा रहता है। परिवार ने ऐसा कर मिसाल पेश की है। इलाके में पहले कभी भी ऐसा नहीं हुआ। जूमा देवी ने बताया कि उन्हें बहुत खुशी है कि उनके घर में एक साथ चार बहु आई हैं। क्या करते हैं चारों भाई
राहुल जल शक्ति विभाग में बतौर पंप ऑपरेटर कार्यरत हैं। वहीं अजय राणा खेतीबाड़ी व पशुपालन करता है। रोहित अभी पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। रोहित ने जेबीटी की ट्रेनिंग ले रखी है। जबकि विजय ड्राइविंग करते हैं।

Spread the love

By