नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल समेत देश और दुनिया की 10 बड़ी खबरें… 1. जींद में बच्चों से भरी स्कूल वैन पलटी, कई घायल, ट्रक के आने से ड्राइवर ने खोया संतुलन
हरियाणा के जींद में शनिवार सुबह किड्स मेलोडी प्राइवेट स्कूल की वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। वैन में बच्चे सवार थे। वैन के पलटते ही बच्चों में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और वैन में फंसे बच्चों को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक दो बच्चे को चोट आई हैं। वैन लगभग 24 बच्चे सवार थे।
पूरी खबर पढ़ें… 2. वायनाड लैंडस्लाइड- 341 शवों का पोस्टमार्टम हुआ, 134 शवों के टुकड़े मिले
वायनाड लैंडस्लाइड के पांचवे दिन प्रशासन ने माना कि राहत और बचाव कार्य में वह मजबूत कदम उठाने में नाकाम रहा। 341 शवों का पोस्टमार्टम हो चुका है, इनमें से 146 की पहचान हो चुकी है। 134 लोगों के शरीर के सिर्फ टुकड़े बरामद हुए हैं। जिन शवों की पहचान हुई है, उन्हें परिवार को सौंप दिया गया है। जबकि 74 अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार आज किया जाएगा।
पढ़ें पूरी खबर… 3. हरियाणा के किसानों ने ट्रेन रुकवाकर हादसा टाला, ट्रैक धंसा देख टॉर्च लेकर ट्रेन की तरफ दौड़े
​​​​​हरियाणा के सिरसा में किसानों की सूझबूझ से रेल हादसा होने से बच गया। ऐलानाबाद क्षेत्र में हुई बारिश के कारण गांव बेहरवाला और तलवाड़ा खुर्द के बीच रेलवे अंडरपास में पानी भर गया। इसी अंडरपास के पास रेलवे ट्रैक के नीचे से मिट्टी खिसक गई। इसके कारण पटरी के नीचे पत्थर के 4 पिलर धंस गए। ट्रैक धंसा देख किसा टॉर्च लेकर ट्रेन की तरफ दौड़े। ये देख लोको पायलेट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाई।
पूरी खबर पढ़ें… 4. केंद्र ने BSF चीफ नितिन अग्रवाल को हटाया, कार्यकाल पूरा न करने वाले पहले DG
केंद्र सरकार ने शुक्रवार देर रात बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स (BSF) के चीफ डायरेक्टर जनरल नितिन अग्रवाल और डिप्टी स्पेशल डायरेक्टर जनरल योगेश बहादुर (वाईबी) खुरानिया को पद से हटा दिया है। नितिन अग्रवाल 1989 बैच के केरल कैडर के IPS ऑफिसर हैं। वे BSF के पहले डीजी होंगे, जिन्हें कार्यकाल के बीच में ही हटाया गया है। उनका कार्यकाल 2026 में पूरा होना था।
पढ़ें पूरी खबर… 5. रेवाड़ी में वकील की मौत, रात को घर जाते हुए कार ने मारी टक्कर
​​​​​​हरियाणा में रेवाड़ी में महेंद्रगढ़ रोड पर एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार वकील और साइकिल सवार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वकील सड़क पर दूर जाकर गिरा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साइकिल सवार गंभीर रूप से घायल हुआ है। वकील रोजाना की तरह शुक्रवार की देर शाम वह अपनी बाइक से घर लौट रहे थे।
पूरी खबर पढ़ें… 6. PM मोदी ने 32वें ICAE को संबोधित किया, कृषि से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑफ एग्रीकल्चर इकोनॉमिस्ट (ICAE) के 32वें एडिशन का इनॉगरेशन किया। इसका आयोजन नई दिल्ली के राष्ट्रीय कृषि विज्ञान केंद्र (NASC) परिसर में किया गया। इस मौके पर PM ने वहां पहुंचे लोगों को संबोधित किया। यह कॉन्फ्रेंस दुनियाभर में खेती और उससे जुड़ी समस्याओं और उसके समाधान खोजने के लिए हर तीन साल में की जाती है। भारत में यह 65 साल के बाद की जा रही है।
पढ़ें पूरी खबर… 7. हिमाचल में फिर फटा बादल, महिला की मौत, 46 लोग अभी भी लापता
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल स्पीति की पिन घाटी में शुक्रवार शाम करीब छह बजे बादल फट गया। इससे मलबे में एक महिला दब गई। देर शाम तक पुलिस ने महिला का शव बरामद कर लिया। वहीं, मंडी, कुल्लू और शिमला के समेज में 46 लोगों का अभी भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। खास तौर पर समेज खड्ड में बहे 36 लोगों में से एक का भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। इससे लापता लोगों के जिंदा होने की उम्मीदें भी लगभग खत्म होती जा रही हैं।
पूरी खबर पढ़ें… 8. ताजमहल में 2 युवकों ने जल चढ़ाया, बोतल में पानी लेकर पहुंचे, दावा- ये तेजोमहालय शिव मंदिर है
ताजमहल में मुख्य मकबरे में तहखाने के करीब और दीवार पर दो युवकों ने शनिवार को जल चढ़ाया। ओम का स्टीकर भी चिपकाया। दावा किया जा रहा है कि वे बोतल में गंगाजल लेकर गए थे। उन्होंने इसका वीडियो भी बनाया। जिसमें वे कहते हैं कि अब अंतिम पड़ाव पर पहुंच गए हैं। हर-हर महादेव। CISF ने उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया। ये दोनों युवक अखिल भारत हिंदूमहासभा के कार्यकर्ता हैं। हिंदू महासभा का दावा है कि ये तेजोमहालय शिव मंदिर है।
पढ़ें पूरी खबर… 9. गोल्डन टेंपल लंगर हॉल में कड़ाही में गिरा सेवादार, आलू उबालते समय पैर फिसला
पंजाब के अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल के लंगर हॉल में बड़ा हादसा हो गया है। यहां सेवादार सेवा करते समय उबलते आलुओं की कड़ाही में गिर गया। आसपास सेवा कर रहे सेवादारों ने तुरंत उसे कड़ाही से बाहर निकाला। सेवादार 70 फीसदी झुलस चुका है। सेवादार गुरदासपुर के धालीवाल का रहने वाला है। वह पिछले 10 सालों से स्वर्ण मंदिर में सेवा कर रहा था।
पूरी खबर पढ़ें… 10. पेरिस ओलिंपिक- आज लगातार तीसरे मेडल पर मनु का निशाना, दो ब्रॉन्ज जीत चुकीं
पेरिस ओलिंपिक में भारत को 2 मेडल दिला चुकीं स्टार शूटर मनु भाकर आज तीसरा मेडल जीतने के लिए निशाना साधेंगी। वे आज दोपहर एक बजे से 25 मीटर पिस्टल इवेंट में हिस्सा लेंगी। 22 साल की मनु 10 मीटर पिस्टल और 10 मीटर पिस्टल मिक्स्ड इवेंट में एक-एक ब्रॉन्ज जीत चुकी हैं। यदि मनु आज मेडल जीत लेती हैं, तो एक ओलिंपिक गेम्स में 3 मेडल जीतने वाली पहली भारतीय बन जाएंगी। पेरिस ओलिंपिक के 8वें दिन मनु के अलावा, अनुभवी तीरंदाज दीपिका कुमारी, भजन कौर और मुक्केबाज निशांत देव भी भारतीय चुनौती पेश करेंगे।
पढ़ें पूरी खबर…

Spread the love

By