हरियाणा में मानसून ने जोर पकड़ लिया है। आज हरियाणा के अधिकतर हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। शनिवार रात से ही हरियाणा के आधे से ज्यादा हिस्से में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। हरियाणा के चरखी दादरी, भिवानी, झज्जर, रोहतक, हिसार, फतेहाबाद, करनाल, यमुनानगर, सोनीपत, जींद, पानीपत, कैथल, कुरुक्षेत्र, अंबाला और पंचकूला जिलों में बारिश हुई। इसके साथ ही भारत मौसम विज्ञान विभाग ने हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में तेज हवाओं के बीच बारिश की संभावना जताई है। हिसार में रात से ही रुक-रुक कर बारिश जारी है। इससे शहर में पानी भर गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से बारिश का येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को हरियाणा के 8 जिलों हिसार, सिरसा, कुरुक्षेत्र, फतेहाबाद, मेवात, पंचकूला, सोनीपत, भिवानी में रिकॉर्ड बारिश दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आज भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश हो सकती है। हरियाणा में सबसे ज्यादा बारिश मेवात में 51 एमएम दर्ज की गई। पंजाब के 4 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट पंजाब के कई जिलों में बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री की कमी आई है। वहीं, यह सामान्य तापमान से 4.5 डिग्री कम दर्ज किया गया है। अबोहर में सबसे अधिक 37.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने आज सुबह 9 बजे तक बुढलाडा, सरदूलगढ़, लहरा, मानसा, सुनाम, मूनक, पतारा, तलबंडी साबो में मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और बिजली भी चमकेगी। इसके अलावा संगरूर बरनाला, तपा, धुरी, मूनक, समाना, पटियाला, नाभा, मलोट, बठिंडा और राजपुरा फूल में हल्की बारिश की संभावना है। चंडीगढ़ में आज छाए रहेंगे बादल सिटी ब्यूटीफुल चंड़ीगढ़ में मानसून पहुंच चुका है। कई एरिया में बारिश हो रही है। इस वजह से मौसम ठंडा हो गया है। लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है। हालांकि तेज बारिश होने की वजह से कई एरिया में जलभराव की दिक्कत का सामना भी लोगों को करना पड़ रहा है। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक आज यानी रविवार को बादल छाए रहेंगे। साथ ही बारिश होने होने का अनुमान है। वहीं, शनिवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से एक डिग्री कम दर्ज किया गया । हिमाचल में 150 से ज्यादा सड़कें बंद, फ्लैश फ्लड का अलर्ट हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बीती रात को भारी बारिश हुई। इससे कई जगहों पर भूस्खलन के बाद 150 से ज्यादा सड़कें और 334 बिजली ट्रांसफार्मर बंद हो गए हैं। इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने शिमला और सिरमौर जिला में कुछे स्थानों पर फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया है। यह चेतावनी रविवार की सुबह 11.30 बजे तक दी गई है। इसे देखते हुए दोनों जिलों के लोगों को एहतियात बरतने और लोगों को नदी नालों के आसपास नहीं जाने की सलाह दी गई है। भारी बारिश के बाद नदी- नालों का अचानक जल स्तर बढ़ सकता है। IMD के अनुसार 12 जुलाई तक बारिश का पूर्वानुमान है। 8 और 9 जुलाई को मानसून की गति थोड़ी धीमी होगी। 10 जुलाई से मानसून फिर सक्रिय होगा। HAU ने कपास की फसल का ध्यान रखने को कहा इस बीच, चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय ने बारिश के बीच किसानों को एडवाइजरी जारी करते हुए कहा कि किसान भारी बारिश के दौरान कपास की फसल में पानी जमा न होने दें। अगर कपास की फसल में पानी जमा हो जाता है तो इससे फसल को नुकसान होता है। नमी में कपास पर कीट अधिक हमला करते हैं। इसलिए बारिश के बाद जब भी मौसम खुले तो कृषि वैज्ञानिकों या नजदीकी कृषि विज्ञान केंद्रों पर जाकर दवाइयों के छिड़काव से संबंधित जानकारी ले सकते हैं।

Spread the love

By