नमस्कार, आइए जानते हैं आज सुबह 11 बजे तक की हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल समेत देश और दुनिया की 10 बड़ी खबरें…. 1. हरियाणा में बिजली कर्मचारी की करंट से मौत हरियाणा के रोहतक में 132 केवी लाइन पर काम करते समय करंट लगने से बिजली कर्मचारी झुलस गया। बिजली कर्मचारी लाइन पर फॉल्ट ठीक कर रहा था। इसी बीच उसे करंट लग गया। उसको इलाज के लिए दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान अक्षय के रूप में हुई है। पुलिस ने जेई के खिलाफ लापरवाही बरतने का मामला दर्ज किया है। पढ़ें पूरी खबर… 2. लोकसभा स्पीकर के लिए वोटिंग आज, NDA के ओम बिरला के खिलाफ कांग्रेस के के. सुरेश लोकसभा में आज सुबह 11 बजे स्पीकर पद के NDA कैंडिडेट ओम बिरला और विपक्ष के के. सुरेश के लिए वोटिंग होगी। मंगलवार शाम को बीजेपी और कांग्रेस ने सभी सांसदों को संसद में मौजूद रहने का व्हिप जारी किया था। संख्याबल में पलड़ा NDA का भारी है। लोकसभा में 293 सांसदों वाले NDA के पास स्पष्ट बहुमत है। I.N.D.I.A ब्लॉक के पास 233 सांसद हैं। 16 अन्य सांसद हैं। चुनाव संसद में मौजूद सदस्यों के साधारण बहुमत से होता है। पढ़ें पूरी खबर.. 3. पंजाब में साइकिल सवार को बस ने कुचला मौत पंजाब के लुधियाना में मंगलवार रात करीब 10 बजे शेरपुर चौक के पास एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने साइकिल सवार को कुचल दिया। हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बस का ड्राइवर मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान फोकल पॉइंट के जीवन नगर इलाके के रहने वाले सुरेश कुमार के रूप में हुई। पढ़ें पूरी खबर… 4. पाकिस्तान बोला- भारत के साथ रिश्ते सुधारने को तैयार, कहा- दुश्मनी में भरोसा नहीं रखते पाकिस्तान के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इशाक डार ने भारत के साथ रिश्ते सुधारने की वकालत की। उन्होंने पाकिस्तान सरकार के थिंक टैंक ISSI की 51वीं सालगिरह पर एक समारोह में कहा- हम दुश्मनी में भरोसा नहीं करते हैं। हम भारत के साथ अच्छे पड़ोसी की तरह रिश्ते बनाते हुए जम्मू कश्मीर विवाद को शांतिपूर्ण और सही तरह से हल करना चाहते हैं। यह सिर्फ भारत और पाकिस्तान ही नहीं, बल्कि पूरे साउथ एशिया के हित में होगा। पूरी खबर पढ़ें… 5. हरियाणा के कांग्रेस नेताओं की आज हाईकमान से मीटिंग हरियाणा के कांग्रेस नेताओं की आज दिल्ली में पार्टी हाईकमान से बैठक होगी। राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी दीपक बाबरिया लोकसभा चुनाव की रिपोर्ट पेश करेंगे। बैठक में 10 लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी, सांसद, 3 बार के विधायक, 3 बार के पूर्व विधायक, कांग्रेस के प्रदेश सचिव सहित कुल 30 नेताओं को बुलाया गया है। पढ़ें पूरी खबर… 6. CBI ने तिहाड़ में केजरीवाल से पूछताछ की, आज ट्रायल कोर्ट में पेशी के दौरान गिरफ्तारी संभव दिल्ली CM अरविंद केजरीवाल को ED के बाद अब CBI गिरफ्तार कर सकती है। CBI ने मंगलवार (25 जून) को तिहाड़ जेल में बंद केजरीवाल से दिल्ली शराब नीति से जुड़े करप्शन केस में पूछताछ की और उनका स्टेटमेंट रिकॉर्ड किया था। CBI ने आज यानी 26 जून को उन्हें ट्रायल कोर्ट में पेश किया है। CBI सूत्रों के मुताबिक, कोर्ट में पेशी के दौरान उन्हें आधिकारिक तौर पर गिरफ्तार किए जाने की संभावना है। पूरी खबर पढ़ें… 7. हिमाचल में खराब रिजल्ट वाले 250 टीचरों को नोटिस हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPSB) धर्मशाला द्वारा आयोजित 10वीं कक्षा की परीक्षा में खराब परिणाम देने वाले टीचरों पर कार्रवाई की तैयारी चल रही है। शिक्षा विभाग ने 25 प्रतिशत से कम परिणाम देने वाले 116 स्कूलों के 250 टीचरों को नोटिस जारी किया है। उनका जवाब आने के बाद कार्रवाई की जाएगी। नोटिस में खराब परिणाम का कारण पूछा गया है। यदि उनका जवाब संतोषजनक नहीं रहा तो शिक्षकों की वार्षिक वेतन वृद्धि रोकी जाएगी। पढ़ें पूरी खबर… 8. लगातार दूसरे दिन ऑल टाइम हाई पर शेयर बाजार, सेंसेक्स ने 78,188 का स्तर छुआ शेयर बाजार में आज यानी 26 जून को लगातार दूसरे दिन ऑल टाइम हाई बनाया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 78,188 का स्तर छुआ। अभी सेंसेक्स 78,100 के स्तर पर फ्लैट कारोबार कर रहा है। हालांकि, निफ्टी ने आज ऑल टाइम हाई नहीं बनाया है। निफ्टी 23,700 के स्तर पर फ्लैट कारोबार कर रहा है। इससे पहले कल यानी 25 जून को सेंसेक्स और निफ्टी ने ऑल टाइम हाई बनाया था। पूरी खबर पढ़ें… 9. हरियाणा CM आज 30-30 गज के प्लाट वितरित करेंगे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को रोहतक में शहरी आवास योजना के तहत लाभार्थियों को 30-30 वर्ग गज के प्लाट का आवंटित करेंगे। मुख्यमंत्री रोहतक, झज्जर, जुलाना, सफीदों, गोहाना व रेवाड़ी के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र देंगे। जबकि करनाल, पिंजौर, जगाधरी, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, फतेहाबाद व सिरसा के लाभार्थियों को ऑनलाइन वेब लिंक के माध्यम से आवंटन पत्र दिया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर… 10. सूरज रेवन्ना का बचाव करने वाले सहयोगी ने भी किया यौन उत्पीड़न का केस कर्नाटक सेक्स स्कैंडल में फंसे JDS नेता पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के भाई हासन से MLC सूरज रेवन्ना के खिलाफ सेक्शुअल हैरसमेंट का एक और केस दर्ज हुआ है। सूरज के खिलाफ अब उसके ही सहयोगी ने हासन थाने में यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई। इसी ने 22 जून को सूरज के खिलाफ हुई यौन उत्पीड़न की शिकायत पर सूरज का बचाव किया था। और अब खुद ही केस दर्ज कराया है। सूरज 1 जुलाई तक CID की हिरासत में हैं। पूरी खबर पढ़ें…

Spread the love

By