देश में नौतपा का आज पांचवां दिन है। हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में भीषण गर्मी का दौर जारी है। नौतपा के चौथे दिन हरियाणा का सिरसा देश का दूसरा सबसे गर्म जिला रहा। यहां का अधिकतम तापमान 50.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पहले स्थान पर राजस्थान का चुरू है। वहां का अधिकतम तापमान 50.5 रिकाॅर्ड किया गया है। सिरसा के बाद हिसार के बालसमंद का तापमान 49.3 और नूंह का तापमान 49 डिग्री दर्ज किया गया। हिसार में इससे पहले 26 मई 1998 को 48.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। इसी तरह करनाल ने भी नया रिकाॅर्ड बनाया। करनाल के उचानी में 46.5 डिग्री तापमान रहा। इससे पहले 29 मई 1962 को 46 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। हिसार, नारनौल, सिरसा और रोहतक में हालात ज्यादा खराब हैं। वहीं मौसम विभाग ने पंजाब के 6 जिलों में हीट वेव का रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर और बठिंडा शामिल हैं। जबकि बाकी जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। सभी शहरों में आज तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी। उधर, चंडीगढ़ में भी आज हीट वेव का रेड अलर्ट है। मौसम विभाग का मानना है कि आज टेम्परेचर 45 डिग्री क्रॉस कर जाएगा। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। साथ ही एक जून के बाद वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने के कारण बारिश के साथ तापमान में कुछ गिरावट होने की संभावना है। 2 दिन अधिकतम तापमान में नहीं होगा परिवर्तन
माैसम विभाग ने आज भी हरियाणा में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है। अगले 2 दिन अधिकतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं होगा। 31 व एक जून को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से थोड़ी राहत की उम्मीद है। इससे हरियाणा के एक-दो इलाकों में बारिश भी हो सकती है। रोहतक-हिसार में 3 की मौत
गर्मी व लू के कारण हरियाणा में 3 लोगों की माैत हो चुकी है। 2 दिन पहले हांसी में 70 वर्षीय बुजुर्ग की डिहाइड्रेशन से मौत हो गई थी। एक दिन पहले हिसार के भारत नगर में 24 साल के पवन को दोपहर में सीढ़ियां उतरते समय चक्कर आ गया। उल्टी आने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी माैत हो गई। पवन मजदूरी करता था। इसी तरह, रोहतक के सेक्टर 35-A ब्लॉक के गेट के पास ई-रिक्शा चलाने वाले 54 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला है। आशंका जताई गई है कि इसकी मौत भी गर्मी के कारण ही हुई है। हिमाचल के 9 जिलों में हीट वेव का येलो अलर्ट
हिमाचल के मैदानी इलाकों में गर्मी लगातार बढ़ रही है। चंबा, लाहौल स्पीति और किन्नौर को छोड़कर बाकी 9 जिलों में हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऊना का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। कई शहरों का तापमान नॉर्मल से 7 डिग्री तक ज्यादा है। हमीरपुर के तापमान में नॉर्मल की तुलना में सबसे ज्यादा 6.8 डिग्री का उछाल आया है। इसी तरह मंडी में 6.7 डिग्री, शिमला 4.6 डिग्री, सुंदरनगर 5.6 डिग्री, भुंतर 5.4 डिग्री, कल्पा 4.1 डिग्री, ऊना 5.9 डिग्री और नाहन का तापमान नॉर्मल से 5 डिग्री अधिक हो गया है। हिमाचल के इन शहरों में ज्यादा गर्मी..