हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के सराज में आज (बुधवार) सुबह एक टैंपो खाई में जा गिरा। इस हादसे में एक युवक की मौत और दूसरा कार सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जंजैहली में प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कालेज नेरचौक रेफर किया गया। जंजैहली पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। कार सवार दोनों युवक सगे भाई बताए जा रहे हैं। मृतक की पहचान योगेश (25 साल) निवासी चच्योट के कोट गांव के तौर पर हुई है, जबकि योगेश का छोटा भाई दिनेश (19 साल) घायल है। पुलिस के अनुसार, यह हादसा सुबह साढ़े छह बजे के करीब थुनाग के बगलयारा में हुआ। दोनों भाई HP-32-A-8650 नंबर गाड़ी में सवार होकर मेले में मनियारी की दुकान लगाने के लिए घर से निकले थे। मगर उससे पहले ही हादसे का शिकार हो गए। 500 मीटर गहरी खाई में गिरी गाड़ी दोनों भाईयों की गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 500 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को जंजैहली अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं मृतक के शव का कुछ देर में जंजैहली में ही पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। SHO जंजैहली रूप सिंह ने बताया कि सुबह के वक्त हादसा हुआ है। इसमें एक व्यक्ति की मौत हुई है। जांच अधिकारी मौके पर गया है और जांच जारी है।