हिमाचल के ट्राइबल जिला किन्नौर में एक व्यक्ति ने अपनी ही दो बहनों और एक भतीजी पर गोली चला डाली। इससे तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। किन्नौर के रिकांगपियों में प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को IGMC शिमला रेफर किया गया। पुलिस ने गोली चलाने वाले आरोपी राज चंद्र और उसकी पत्नी चंद्रभगति नेगी को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। सूचना के अनुसार, पूर्बनी गांव के आरोपी राज चंद्र (62 साल) ने जमीनी विवाद में गोली चलाई। इससे आरोपी की बहन देवी नेगी (60 साल), कृष्ण लीला (64 साल) और भतीजी स्वीटी (27 साल) घायल हो गई। गोलीकांड से पहले आरोपी दंपत्ति की तीनों महिलाओं के साथ किसी बात को लेकर बहस हो गई। इसके बाद आरोपी ने दोनाली बंदूक से फायर किया। तीनों की हालत गंभीर बनी हुई है। SP किन्नौर QRT के साथ मौके पर पहुंची घटना की सूचना मिलते ही SP किन्नौर सृष्टि पांडे खुद QRT (क्विक रिस्पॉन्स टीम) के साथ मौके पर पहुंचीं और खून से लथपथ तीनों महिलाओं को गंभीर हालत में रिकांगपियो अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान आरोपी ने अपने आप को एक कमरे में अंदर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया। इससे आरोपी को गिरफ्तार करने में पुलिस को कड़ी मशक्त करनी पड़ी। पुलिस ने मौके से उस बंदूक को भी जब्त कर दिया है, जिससे आरोपी ने गोली चलाई है। गांव में दहशत का माहौल इस घटना के बाद पूर्बनी गांव के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गोली चलने की आवाज सुनते ही ग्रामीण इकट्ठे हो गए और इसकी सूचना पुलिस को दी। बताया जा रहा है कि आरोपी और जिन महिलाओं को गोली मारी गई उनके परिवार पूर्बनी गांव में अलग-अलग रहते हैं। इससे पहले भी कई बार दोनों पक्षों के बीच जमीनी विवाद को लेकर लड़ाई हो चुकी है। आरोपी सेब बागवानी करता है। तीनों घायल IGMC रेफर : SP SP किन्नौर सृष्टि पांडे ने बताया कि आरोपी दंपत्ति को गिरफ्तार कर दिया गया है। आरोपी ने कितनी गोली चलाई है यह सर्जरी की रिपोर्ट आने के बाद पता चल पाएगा। उन्होंने बताया कि तीनों घायलों को IGMC शिमला रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।