हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने छह सीटों पर विधानसभा उप-चुनाव के लिए प्रत्याशियों की तलाश तेज कर दी है। 3 सीटों पर प्रत्याशियों को लेकर तस्वीर साफ होती नजर आ रही है, जबकि 3 पर कांग्रेस अभी असमंजस में नजर आ रही है। कांगड़ा की धर्मशाला सीट से देवेंद्र जगी, कुटलैहड़ से विवेक शर्मा और सुजानपुर से कुलदीप कुमार का नाम लगभग तय माना जा रहा है। हालांकि, इनका अभी औपचारिक ऐलान होना बाकी है। संभव है कि 6 अप्रैल को दिल्ली में होने वाली स्क्रीनिंग कमेटी और कोर्डिनेशन कमेटी की मीटिंग में चर्चा के दौरान सहमति बन जाए। नाम पर अंतिम मुहर राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) में लगेगी। धर्मशाला में देवेंद्र जगी पर दांव खेलने की तैयारी
धर्मशाला सीट से पूर्व मेयर देवेंद्र जगी पर कांग्रेस दांव खेल सकती है। जगी को सबसे मजबूत चेहरा माना जा रहा है। हालांकि, धर्मशाला में 2022 के विधानसभा चुनाव में BJP प्रत्याशी रहे राकेश चौधरी के भी कांग्रेस में शामिल होने और पार्टी टिकट पर चुनाव लड़ने की चर्चा है। इसी तरह इस सीट पर हरभजन का नाम भी चर्चा में है। इनमें से किसी एक को पार्टी कांग्रेस के बागी सुधीर शर्मा के सामने मैदान उतार सकती है। गगरेट में कालिया और कुलदीप टिकट की रेस में
ऊना जिला की गगरेट विधानसभा से कांग्रेस पूर्व विधायक एवं कुछ दिन पहले ही ‌BJP छोड़ने वाले राकेश कालिया को टिकट दे सकती है। वैसे गगरेट से पूर्व विधायक कुलदीप कुमार को भी टिकट का दावेदार माना जा रहा है। जिला परिषद सदस्य रहे रमन जसवाल का नाम भी चर्चा में है। इन तीनों में से कांग्रेस किसी एक को प्रत्याशी बनाकर चैतन्य शर्मा के सामने उतार सकती है। कुटलैहड़ से विवेक पर दांव खेल सकती है कांग्रेस
वहीं, कुटलैहड़ विधानसभा से मुख्यमंत्री सुक्खू के करीबी और पूर्व विधायक रामनाथ शर्मा के बेटे विवेक शर्मा को टिकट का मजबूत दावेदार माना जा रहा है। इनका टिकट लगभग फाइनल समझा रहा है। विवेक शर्मा अभी प्रदेश कांग्रेस के महासचिव भी हैं। वह 2017 में विधानसभा चुनाव लड़ चुके हैं। मगर, तब वह चुनाव हार गए थे। यहां से पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देसराज गौतम और पार्टी के स्टेट प्रवक्ता डॉ. विजय डोगरा का नाम भी चर्चा में है। इनमें से किसी एक को कांग्रेस पार्टी बागी देवेंद्र कुमार भुट्‌टो के सामने उतारेगी। सुजानपुर से कुलदीप के अलावा दो ओर नाम चर्चा में
बागी राजेंद्र राणा के BJP में शामिल होने के बाद कांग्रेस सुजानपुर से पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया को टिकट दे सकती है। कुलदीप पठानिया वर्तमान में कांगड़ा सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन भी हैं। वह बमसन से पूर्व में विधायक रह चुके हैं। सुजानपुर में कुलदीप के अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष नरेश ठाकुर और रविंद्र वर्मा का नाम भी टिकट दावेदारों की रेस में गिना जा रहा है। बड़सर में प्रत्याशी को लेकर तस्वीर धुंधली
हमीरपुर जिला की बड़सर विधानसभा से पूर्व विधायक मंजीत सिंह डोगरा का नाम चर्चा में है। मंजीत डोगरा दो बार विधायक, एक बार वह इंडिपेंडेंट तो दूसरी बार कांग्रेस से चुनाव जीते हैं। मंजीत के अलावा ज्ञान चंद और संजीव शर्मा का नाम भी बड़सर से चर्चा में है। संजीव शर्मा पूर्व में BJP से बागी हो कर चुनाव लड़ चुके हैं। इनमें से किसी एक को कांग्रेस टिकट देकर पार्टी से बागी हुए तीन बार के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल के सामने उतार सकती है। लाहौल स्पीति में मारकंडा को प्रत्याशी बना सकती है कांग्रेस
लाहौल स्पीति में कांग्रेस पार्टी BJP के बागी डॉ. रामलाल मारकंडा को प्रत्याशी बना सकती है। BJP ने दो बार के मंत्री डॉ. मारकंडा का टिकट काटकर रवि ठाकुर को प्रत्याशी बनाया है। इससे मारकंडा ने खुले तौर पर बगावत का ऐलान कर दिया है। अब उनके कांग्रेस में शामिल होकर चुनाव लड़ने की चर्चा है। मारकंडा के अलावा बुद्धि सिंह का भी नाम चर्चा में है।

Spread the love

By