हरियाणा के पानीपत जिले के गांव ऊंटला के रहने वाले एक युवक के साथ विदेश भेजने के नाम पर ठगी हो गई। हिमाचल प्रदेश और गाजियाबाद के दो जानकारों ने उससे 2 लाख 90 हजार रुपए एडवांस ले लिए। इसके बाद उसे फर्जी पासपोर्ट थमा दिया, जिससे ठगी का खुलासा हुआ। अब उनसे रुपए वापस मांगे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। ठगी और जान से मारने की धमकी की शिकायत एसपी को दी गई। एसपी ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पहले जा चुका विदेश, तभी हुई थी ठगों से जानकारी
पुलिस को दी शिकायत में सचिन ने बताया कि वह गांव ऊंटला का रहने वाला है। वह प्राइवेट नौकरी करता है। वह पहले विदेश जा चुका है। इसी नाते साल 2022 में उसकी मुलाकात अजय संगल निवासी गांव बनी खास तहसील बड़सर जिला हमीरपुर हिमाचल प्रदेश व मोहित अग्रवाल निवासी गाजियाबाद के साथ हुई थी। दोनों ने उसे कहा था कि वे विदेश भेजने का काम करते हैं। इसके बाद उन्होंने उसे माल्टा (सेनिगन जोन) में 3 महीने के भीतर भेजने की बात कही। 5 लाख में हुआ था सौदा तय
जिसका उन्होंने 5 लाख रुपए का खर्चा बताया। युवक उनकी बातों पर यकीन कर बैठा और 2 मई को उसने 40 हजार अपने खाते से ट्रांसफर किए। 1 अक्टूबर को पिता बलदेव के खाते से 2 लाख रुपए दिए। इसके बाद 50 हजार रुपए कैश दिए। उक्त राशि लेने के बाद ठगों ने उसे उसका पासपोर्ट व वीजा दे दिया। कहा कि यह वीजा 15 अप्रैल 2021 से 14 अप्रैल 2031 तक मान्यता प्राप्त है। दोनों ने उसे विदेश भेजने के नाम पर 2.90 लाख लेकर उसे फर्जी वीजा दे दिया। अब वह दोनों को कॉल करता है तो दोनों का मोबाइल स्विच ऑफ आता है। एक बार आरोपी अजय संगल ने फोन का जवाब देते हुए कहा था कि अगर अब वह उनके पास कॉल करेगा, तो वे उसे जान से मार देंगे।