हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में आज सुबह के वक्त नानी और दोहती (बेटी की बेटी) की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई। कांगड़ा जिला के रक्कड़ पुलिस थाना के अंतर्गत सलेटी गांव में एक महिला अपनी पांच साल की दोहती के साथ बंदर भगाने के लिए अपने खेत की ओर निकली थी। इस दौरान दोनों बिजली की तार की चपेट में आ गए। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा आज सुबह 8.30 के करीब का बताया जा रहा है। पुलिस ने दोनों के शव कब्जे में लिए हैं और पोस्टमॉर्टम के लिए देहरा अस्पताल ले जाया गया है। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। आंधी के कारण खेत में टूटकर गिरे तार
मृतक की पहचान सलेटी गांव की सपना 50 साल और 5 साल की उनकी दोहती अरू के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि रात में आंधी-तूफान के कारण बिजली की तारें खेत में गिर गई थीं। महिला और छोटी बच्ची जब सुबह बंदर भगाने खेत में गईं तो उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी और उन्हें करंट लग गया। सलेटी गांव में मातम का माहौल
इस हादसे की जानकारी लगते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया और बिजली का करंट काटकर दोनों शव पुलिस ने अपने कब्जे में लिए। दोनों की मौत से सलेटी गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। देहरा अस्पताल में करवाया जाएगा पोस्टमॉर्टम : अनिल
ASI अनिल ने बताया कि यह हादसा करंट लगने से हुआ है। दोनों शवों का देहरा अस्पताल में पोस्टमॉर्टम में करवाया जा रहा है। इसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।