कांगड़ा कार्निवल-2026 में 27 दिसंबर को धर्मशाला मैराथन होगी। इसमें देशभर से हजारों धावकों के शामिल होने की उम्मीद है। नगर निगम धर्मशाला और जिला प्रशासन, बिगफुट एडवेंचर इंडिया के सहयोग से इसका आयोजन करेंगे। नगर निगम आयुक्त जफर इकबाल ने बुधवार को समृद्धि भवन में तैयारियों की समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी। मैराथन साई स्टेडियम के पास खेल परिसर से शुरू होगी। इसमें 3, 5 और 10 किलोमीटर, हाफ मैराथन और फुल मैराथन की पांच श्रेणियां होंगी। प्रतिभागियों को उनकी श्रेणी के अनुसार रंगीन टी-शर्ट और फिनिशर मेडल दिए जाएंगे। रूट पर पानी के इंतजाम और सांस्कृतिक गतिविधियां भी होंगी। धावक ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। मैराथन का रूट साई स्टेडियम से चीलगाड़ी, सर्किट हाउस, बीएसएनएल, नगघोटा, सुधेड़, पुराना चड़ी रोड, वोल्वो बस स्टैंड और गांधी चौक से होकर वापस बीएसएनएल सड़क के रास्ते खेल परिसर तक जाएगा। आयुक्त ने बताया कि रूट तय करते समय यातायात व्यवस्था का ध्यान रखा गया है। खेल परिसर में हाई मास्ट लाइट लगाई जाएगी आयोजन में स्कूली और कॉलेज विद्यार्थियों, शैक्षणिक संस्थानों, पुलिस, सेना के जवानों और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। मैराथन से पहले खेल परिसर में हाई मास्ट लाइट लगाई जाएगी। आयुक्त ने खेल विभाग के अधिकारियों को इसके लिए उपयुक्त जगह तय करने के निर्देश दिए। स्टेडियम में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए रैंप बनाने को भी कहा। गैर सरकारी संगठनों के सहयोग से जुड़े इंतजामों पर चर्चा बैठक में यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सहायता, पुलिस व्यवस्था, दर्शकों के बैठने, होटल एसोसिएशन और गैर सरकारी संगठनों के सहयोग से जुड़े इंतजामों पर चर्चा हुई। जफर इकबाल ने कहा कि प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके खिलाड़ियों को मैराथन में आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उनकी मौजूदगी से धावकों का उत्साह बढ़ेगा और युवाओं को खेलों से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।