शिमला जिले के जुब्बल में पुलिस ने 18 वर्षीय युवक को 33 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पंजाब के लुधियाना का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। आरोपी को आज कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड मांगा जाएगा। इसके बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर चिट्टे की खेप के स्रोत और इसकी सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का पता लगाएगी। जानकारी के अनुसार जुब्बल पुलिस की टीम मंगलवार शाम के समय नेहनार-जुब्बल मार्ग पर कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने गोविंद (18) पुत्र बालक राम निवासी लुधियाना को रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से करीब 33 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कहां से लाया गया चिट्टा, ये पता लगाने में जुटी पुलिस पुलिस ने इस मामले में थाना जुब्बल में FIR नंबर 58/2026 दर्ज की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 61 और 85 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में आगामी जांच जारी है।