हिमाचल प्रदेश कैडर के साल 2013 बैच के IAS एवं डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा को केंद्र सरकार में डिप्टी सेक्रेटरी नियुक्त किया गया है। वह दिल्ली स्थित केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय में अपनी सेवाएं देंगे। केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से सोमवार को इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। हेमराज बैरवा की नियुक्ति केंद्रीय स्टाफिंग स्कीम के तहत की गई है। यह नियुक्ति पदभार संभालने की तारीख से चार साल की अवधि के लिए होगी। हालांकि, केंद्र सरकार के आगामी आदेशों के अनुसार इसमें बदलाव भी हो सकता है। आदेश में कहा गया कि हेमराज बैरवा को नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देशों के साथ मौजूदा दायित्वों से तत्काल मुक्त किया जा सकता है, ताकि वह केंद्रीय ऊर्जा मंत्रालय में अपना नया कार्यभार ग्रहण कर सकें। 3 सप्ताह के भीतर पदभार ग्रहण करना होगा केंद्रीय कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने आदेश में यह भी स्पष्ट किया कि हेमराज बैरवा को नियुक्ति आदेश जारी होने के तीन सप्ताह के भीतर नया पदभार ग्रहण करना होगा। निर्धारित समय में पदभार ग्रहण नहीं करने की स्थिति में केंद्रीय स्टाफिंग स्कीम से संबंधित नियमों के तहत कार्रवाई की जा सकती है। अभी कांगड़ा जिला के डीसी हैं हेमराज बता दें कि हेमराज बैरवा अभी प्रदेश के सबसे बड़े कांगड़ा जिला के डीसी हैं। ऐसे में उनके सेंटर डेपुटेशन पर जाने के बाद कांगड़ा जिला को नया डीसी मिलना तय है।

Spread the love