केंद्र सरकार ने हिमाचल के छह सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 320 नई पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) मेडिकल सीटों को मंजूरी दी। केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने बताया कि केंद्र इस परियोजना के लिए 415 करोड़ रुपए का अनुदान देगा। इससे प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या बढ़ेगी। इन 320 सीटों में आईजीएमसी शिमला को 91, हमीरपुर को 57, नेरचौक मंडी को 55, डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा को 57, नाहन को 32 और चंबा को 28 सीटें मिलेंगी। नड्डा ने बताया कि यह मंजूरी केंद्र सरकार की देशभर में मेडिकल शिक्षा विस्तार की पहल का हिस्सा है। उन्होंने प्रदेश सरकार से इस प्रक्रिया को जल्द पूरा करने को कहा। नई पीजी सीटों से सर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स, स्त्री एवं प्रसूति रोग, बाल रोग और कैंसर जैसे विशेषज्ञ क्षेत्रों को मजबूती मिलेगी। इससे युवाओं को उच्च शिक्षा के ज्यादा मौके और मरीजों को बेहतर इलाज मिलेगा। नड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रदेश सरकार से विकास परियोजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन पर ध्यान देने की अपील की। लंबित परियोजनाओं में तेजी लाने की मांग
नड्डा ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि सभी 320 सीटों के सृजन के लिए जरूरी प्रशासनिक और अन्य प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि केंद्र से मिली मंजूरी का लाभ प्रदेश के युवाओं और मरीजों को जल्द मिलना चाहिए। भूमि संबंधी लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने का आग्रह उन्होंने हिमाचल में केंद्र के सहयोग से बन रहे क्रिटिकल केयर ब्लॉक और जन स्वास्थ्य प्रयोगशालाओं के निर्माण कार्यों में भी तेजी लाने की जरूरत बताई। इसके अलावा चंडीगढ़-बद्दी और भानुपल्ली-बिलासपुर रेल परियोजनाओं में राज्य सरकार की वित्तीय हिस्सेदारी तथा भूमि संबंधी लंबित मामलों का शीघ्र समाधान करने का आग्रह किया।

Spread the love