हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू संजौली और रामपुर के बीच आज से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करेंगे। इस सेवा के शुरू होने से रामपुर क्षेत्र के लोगों को शिमला आने-जाने के लिए परिवहन का एक वैकल्पिक साधन मिलेगा। साथ ही, क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। हेलीकॉप्टर सेवा के तहत रामपुर से किन्नौर के रिकांगपिओ तक भी सफर किया जा सकेगा। प्रदेश सरकार की योजना के अनुसार, यह सेवा क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान के तहत शुरू की जा रही है। हेलीकॉप्टर सप्ताह में तीन दिन सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को उड़ान भरेगा। इससे दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। सड़क मार्ग से लंबी यात्रा करने के बजाय हवाई सेवा का विकल्प मिलने से पर्यटकों को भी फायदा हो सकता है। मुख्यमंत्री ने किया था सेवा शुरू करने का वादा मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रामपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने का वादा किया था। क्षेत्र के लोगों को आवागमन में होने वाली परेशानियों को देखते हुए सरकार ने इस दिशा में पहल की। पहले से चल रही हैं कई हवाई सेवाएं प्रदेश में क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान 5.1 के तहत शिमला, रिकांगपिओ, कुल्लू, मनाली, मंडी और चंडीगढ़ को जोड़ने वाले हवाई मार्ग हेरिटेज एविएशन और पवन हंस लिमिटेड को आवंटित किए गए हैं। हेरिटेज एविएशन द्वारा शिमला-रिकांगपिओ, शिमला-कुल्लू-शिमला और चंडीगढ़-मंडी वाया कुल्लू मार्गों पर उड़ानें संचालित की जा रही हैं। वहीं, पवन हंस लिमिटेड शिमला के संजौली और चंडीगढ़ के बीच सप्ताह में तीन दिन हेलीकॉप्टर सेवा चला रहा है। इसके अतिरिक्त, राज्य क्षेत्रीय कनेक्टिविटी योजना के तहत प्रति सप्ताह नौ अतिरिक्त उड़ानें भी संचालित की जाती हैं। इन उड़ानों की व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण (वीजीएफ) की पूरी राशि राज्य सरकार वहन करती है। इन पर सरकार का खर्च लगभग 35.70 लाख रुपए प्रतिमाह है। इन व्यवस्थाओं से शिमला और चंडीगढ़ के बीच सप्ताह के छह दिन हवाई संपर्क उपलब्ध है।