हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में आज (20 अक्टूबर) से इंटरनेशनल दशहरा मेला शुरू होगा। मेले की शुरूआत दोपहर 2 बजे भगवान रघुनाथ की रथयात्रा से होगी। रथयात्रा के दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रों ढोल, नगाड़े, करनाल और शहनाई की धुनों के बीच श्रद्धालु भगवान रघुनाथ के रथ को रस्सियों से खींचेंगे। 7 दिन तक चलने वाले इस मेले में कुल्लू घाटी के 300 देवी-देवता शामिल होंगे। कुल्लू घाटी के अलग-अलग क्षेत्रों से देवी-देवताओं के रथ और पालकियां ढालपुर मैदान पहुंच चुकी हैं। कुछ देवी-देवता करीब 200 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर यहां पहुंचते हैं। अगले सात दिन तक धार्मिक अनुष्ठान, देव मिलन, लोक नृत्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आधुनिक तकनीक से जुड़े शो आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इस दौरान सिंगर सतिंदर सरताज, सलमान अली, काका और रोहनप्रीत सिंह समेत कई चर्चित कलाकार परफॉर्म करेंगे। वहीं लोक नृत्य, शास्त्रीय संगीत, कवि सम्मेलन और नाट्य प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ परेड, ग्लोबल डांस, ड्रोन शो और लेजर शो भी होंगे। मेले के छठे दिन ‘मुहल्ला’ परंपरा निभाई जाएगी। जिसमें देवी-देवता भगवान रघुनाथ के शिविर में जाकर हाजिरी लगाएंगे। 27 अक्टूबर को यहां रावण दहन होगा। कुल्लू दशहरे के बारे में जानिए…

Spread the love