हिमाचल में दशहरा पर्व आज हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। प्रदेशभर में बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। राजधानी शिमला में जाखू, समरहिल, संकटमोचन व रामनगर के अलावा राज्य के अन्य जिलों में भी जगह जगह दशहरा उत्सव के आयोजन होंगे। जाखू मंदिर में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू रिमोट का बटन दबाकर पुतलों का दहन करेंगे, जबकि रामनगर में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पुतलों का दहन करेंगे। समरहिल में इस बार रावण का 50 फुट ऊंचा पुतला आकर्षण का केंद्र रहेगा। यहां कुंभकर्ण का 45 फुट और मेघनाद का 40 फुट ऊंचा पुतला बनाया गया है। कार्यक्रम में मुख्य सचिव केके पंत बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। जाखू मंदिर में रावण का 45 फुट, मेघनाद का 40 फुट और कुंभकर्ण का 35 फुट ऊंचा पुतला जलाया जाएगा। वहीं, संकटमोचन मंदिर में रावण का 35 फुट तथा कुंभकर्ण और मेघनाद के 30-30 फुट ऊंचे पुतलों का दहन होगा। विभिन्न स्थानों पर आतिशबाजी भी की जाएगी। शहर में निकलेंगी झांकियां दशहरा उत्सव पर शिमला में झांकियां भी निकाली जाएंगी। नाभा युवा मंडल के सदस्य झांकियां लेकर जाखू मंदिर पहुंचेंगे और वहां प्रस्तुतियां देंगे। झांकियों की शुरुआत नाभा से होगी। इसके बाद ये लोअर बाजार, एजी चौक, चर्च और होली लॉज से होते हुए मंदिर परिसर पहुंचेंगी। झांकियों के शाम 4:30 बजे जाखू मंदिर पहुंचने का कार्यक्रम है। इन आयोजनों के जरिए शहर में दशहरे का उत्साह देखने को मिलेगा। जाखू जाने से पहले पढ़ें पुलिस की एडवाइजरी दशहरा उत्सव के दौरान जाखू मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए शिमला पुलिस ने एडवाइजरी जारी की हैं। पुलिस ने श्रद्धालुओं से निजी वाहनों, खासकर कारों का इस्तेमाल करने से बचने की अपील की है। जाखू मंदिर की ओर जाने वाली कारों को नवबहार में ही रोक दिया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं को नवबहार से मंदिर तक पैदल जाना होगा। अधिक आयु, स्वास्थ्य संबंधी परेशानी या अन्य कारणों से पैदल चलने में असमर्थ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एचआरटीसी की टैक्सियों की व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। ऐसे श्रद्धालु इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा अपने वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करें, ताकि दशहरा उत्सव के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो।