हिमाचल प्रदेश में आज मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। प्रदेश के मैदानी और निचले इलाकों में बारिश हो सकती है, जबकि लाहौल-स्पीति, चंबा, किन्नौर, कुल्लू और कांगड़ा की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विभाग (IMD) ने गुरुवार को प्रदेश के 10 जिलों में आंधी-तूफान को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में बदलाव के चलते कुछ शहरों के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। फिलहाल अभी अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास या इससे अधिक बना हुआ है। कुछ स्थानों पर तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया जा रहा है। लाहौल-स्पीति के केलांग में अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री अधिक रहा। शिमला, सुंदरनगर, कल्पा और धर्मशाला में भी तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है। 18 अक्टूबर से खिलेगी धूप मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 16 और 17 अक्टूबर को भी प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। इसके बाद 18 अक्टूबर से मौसम साफ होने के आसार हैं। 20 अक्टूबर तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में धूप खिल सकती है। मौसम साफ होने के बाद दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है, जबकि रात का तापमान सामान्य के आसपास बना रह सकता है। केलांग में सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा तापमान प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया है। केलांग में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 6 डिग्री अधिक है। शिमला में तापमान 23.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री ज्यादा है। चंबा में 4.6 डिग्री गिरा पारा दूसरी ओर, कुछ शहरों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम चल रहा है। चंबा में तापमान सामान्य से 4.6 डिग्री लुढ़कने के बाद 26.7 डिग्री, मनाली का 1.3 डिग्री की गिरावट के बाद 19.8 डिग्री और सोलन का पारा 0.2 डिग्री गिरकर 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 18 अक्टूबर से तापमान में आएगा उछाल आने वाले दिनों में बारिश, बादलों और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के कारण तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। 18 अक्टूबर से मौसम साफ होने पर दिन के तापमान में फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है।

Spread the love