महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए भाजपा महिला मोर्चा ने मंडी में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला जलाकर कांग्रेस नेतृत्व के खिलाफ नारेबाजी की गई। भाजपा प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य और भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सीमा शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मणिपुर से कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ कार्रवाई और उनके इस्तीफे की मांग उठाई। पायल वैद्य ने आरोप लगाया कि कांग्रेस भाजपा नेताओं पर महिलाओं के सम्मान को लेकर सवाल उठाती है, लेकिन जब उसके अपने नेताओं पर गंभीर आरोप लगते हैं तो पार्टी नेतृत्व चुप्पी साध लेता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के अधिकारों और सुरक्षा की बात करने वाली कांग्रेस को अपने नेताओं के मामलों में भी जवाबदेही तय करनी चाहिए। क्या है मणिपुर के सांसद से जुड़ा मामला? कांग्रेस के इनर मणिपुर से सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में प्रोफेसर भी थे। उन पर विश्वविद्यालय की 11 महिला विद्यार्थियों ने कथित यौन उत्पीड़न और अनुचित व्यवहार के आरोप लगाए थे। विद्यार्थियों की शिकायतों पर विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति ने जांच की। समिति की रिपोर्ट के आधार पर जेएनयू प्रशासन ने 9 अक्टूबर 2026 को उन्हें प्रोफेसर के पद से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया। हालांकि, सांसद ने आरोपों को खारिज करते हुए अपनी बर्खास्तगी पर सवाल उठाए हैं। इसी मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा कांग्रेस नेतृत्व पर हमलावर है। प्रदर्शनकारियों ने राहुल गांधी से इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने और सांसद के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। राजनीतिक दलों को एक समान दृष्टिकोण अपनाना चाहिए: सीमा शर्मा सीमा शर्मा ने कहा कि महिलाओं के सम्मान से जुड़े मामलों में राजनीतिक दलों को एक समान दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस नेताओं के खिलाफ लगे आरोपों पर उचित कार्रवाई की मांग को नजरअंदाज किया गया, तो महिला मोर्चा आने वाले समय में और बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा। कांग्रेस के वोट चोरी संबंधी आरोपों पर भी सवाल उठाए प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के वोट चोरी संबंधी आरोपों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव में हारने पर कांग्रेस चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाती है, जबकि जीत मिलने पर ऐसे आरोप नहीं लगाती।