हिमाचल प्रदेश में आज से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के मैदानी इलाकों में आज और कल बारिश होने की संभावना है, जबकि 13 और 14 अक्टूबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। इस दौरान चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना के बीच प्रदेश में ठंड का असर भी बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार आज और 12 अक्टूबर को मुख्य रूप से मैदानी क्षेत्रों में बारिश हो सकती है। इसके बाद 13 और 14 अक्टूबर को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षा होने के आसार हैं। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों में मौसम को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। वहीं, चंबा, कांगड़ा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी भी हो सकती है। बारिश और बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 16 अक्टूबर तक प्रदेश में मौसम खराब बना रह सकता है। इससे पहले 10 अक्टूबर को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया। मैदानी और निचले इलाकों में गर्मी का असर बना रहा, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम सुहावना रहा। ऊना में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बिलासपुर में 30 डिग्री, सुंदरनगर में 29.1 डिग्री, भुंतर में 29.4 डिग्री और मंडी में 28.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री, जबकि मनाली में 21.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए लोगों और पर्यटकों को सावधानी बरतने की जरूरत है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोग मौसम की ताजा जानकारी लेकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं। खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में जाने वाले पर्यटक मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान दें।

Spread the love