हिमाचल में पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने अपने स्वर्गीय पति वीरभद्र सिंह के नाम से कोई भी नई पार्टी के पंजीकरण नहीं करने का आग्रह किया है। प्रतिभा सिंह ने इसे लेकर इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया को बुधवार को एक पत्र लिखा है। इसमें स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के नाम, पहचान और विरासत से जुड़े नामों का इस्तेमाल कर किसी नई पॉलिटिकल पार्टी के पंजीकरण पर रोक लगाने का आग्रह किया है। प्रतिभा सिंह ने चीफ इलेक्शन कमिश्नर के नाम से भेजे पत्र में कहा कि वीरभद्र सिंह हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री और कई बार केंद्र में मंत्री रहे हैं। वीरभद्र सिंह के नाम और लिगेसी को देखते हुए 2027 के विधानसभा चुनावों में उनके नाम से पार्टी गठन की चर्चाएं है। उन्होंने दावा किया कि कुछ लोग वीरभद्र के नाम और उनकी राजनीतिक पहचान का इस्तेमाल कर नई राजनीतिक पार्टियां बनाने का प्रयास कर रहे हैं। प्रतिभा सिंह ने ऐसे संभावित नामों में ‘राष्ट्रवादी वीरभद्र कांग्रेस’ और ‘वीर कांग्रेस’ का उल्लेख भी किया है। उन्होंने ‘राजा’, ‘बुशहर’ और ‘राजा बुशहर’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई है। पत्र में कहा गया कि ये नाम वीरभद्र सिंह और उनके बुशहर राजपरिवार की पहचान से जुड़े रहे हैं। इनके जरिए नई राजनीतिक पार्टी बनाने का प्रयास उनकी विरासत से जुड़ा हो सकता है। वीरभद्र सिंह का नाम और साख स्वीकार्य नहीं: प्रतिभा प्रतिभा सिंह ने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति या समूह को राजनीतिक दल बनाने का अधिकार है, लेकिन उनके अनुसार किसी नई पार्टी के लिए वीरभद्र सिंह के नाम और साख का इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं है। प्रतिभा ने कहा कि न तो उन्होंने और न ही परिवार के किसी सदस्य ने ऐसे किसी राजनीतिक दल के गठन के लिए अनुमति दी है। ‘राष्ट्रवादी वीरभद्र कांग्रेस’, ‘वीर कांग्रेस’ या वीरभद्र सिंह नाम का पत्र में जिक्र प्रतिभा ने चुनाव आयोग से अनुरोध किया है कि ‘राष्ट्रवादी वीरभद्र कांग्रेस’, ‘वीर कांग्रेस’ या वीरभद्र सिंह के नाम अथवा पहचान से मिलता-जुलता कोई अन्य नाम इस्तेमाल करने वाले राजनीतिक दल के पंजीकरण को मंजूरी न दी जाए। प्रतिभा सिंह ने आयोग से यह भी आग्रह किया है कि यदि इस तरह के किसी राजनीतिक दल के पंजीकरण का आवेदन आता है तो उस पर निर्णय लेने से पहले उन्हें अपनी बात रखने का अवसर दिया जाए। लंबे समय से वीरभद्र कांग्रेस की चर्चाएं बता दें कि लंबे समय से सोशल मीडिया में कुछ लोग वीरभद्र कांग्रेस बनाने की चर्चाएं कर रहे हैं। अब तक ऐसी चर्चाएं सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के विरोधी जिन्हें मौजूदा कांग्रेस सरकार में तवज्जो नहीं मिली है, उन्होंने खुलकर ऐसी चर्चाएं ज्यादा की है। इस वजह से प्रतिभा सिंह ने आज इलेक्शन कमिश्नर को पत्र लिखकर पार्टी के पंजीकरण न करने की मांग की है।

Spread the love