दिल्ली में मंगलवार को कांग्रेस और INDIA गठबंधन के प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पुलिस हिरासत में लिए जाने के विरोध में हिमाचल कांग्रेस आज शिमला में लोकभवन का घेराव करेगी। प्रदर्शन में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, कैबिनेट मंत्री, विधायक, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। सीएम सुक्खू ने कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी जी और अन्य सांसदों को हिरासत में लेना लोकतंत्र की हत्या है। यह केवल जनप्रतिनिधियों की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि संविधान, असहमति और जनता की आवाज़ पर सीधा हमला है, जिसे जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए, उसे संरक्षण और जो जनता की आवाज़ बनकर खड़ा है, उसे हिरासत में लिया जा रहा है, यह कैसी लोकतांत्रिक व्यवस्था है? सीएम ने सोशल मीडिया पर लिखा कि आवाज़ दबाने से सवाल खत्म नहीं होंगे। जनता सब देख रही है और जवाबदेही तय होकर रहेगी। ऐसी सरकार ने नैतिक रूप से सत्ता में बने रहने का अधिकार खो दिया है। कांग्रेस SIR का विरोध क्यों कर रही? दरअसल, बीते कल दिल्ली में कांग्रेस और INDIA गठबंधन ने वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध प्रदर्शन किया था। करीब आठ घंटे बाद पुलिस ने राहुल समेत कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य विपक्षी नेताओं को हिरासत में ले लिया था। विपक्षी दल SIR की प्रक्रिया रोकने और चीफ इलेक्शन कमीश्नर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रह थे। इसके विरोध में कांग्रेस आज शिमला में लोकभवन के बाहर धरना देने जा रही है। कांग्रेस का मुख्य आरोप है कि वोटर लिस्ट के SIR के दौरान वास्तविक और पात्र मतदाताओं के नाम हटने का खतरा है। पार्टी का कहना है कि मतदाता सूची में बदलाव की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए और किसी भी पात्र नागरिक का नाम सूची से नहीं हटना चाहिए।

Spread the love