शिमला जिले के रोहड़ू में मंगलवार शाम के समय पब्बर नदी में नहाने उतरे दो किशोर डूब गए। नहाते समय वे गहरे पानी में चले गए और बाहर नहीं निकल पाए। हादसे के बाद से दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया। पुलिस और प्रशासन की टीम शाम मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान चला रही है। सूचना के अनुसार- बीती शाम को स्कूली बच्चों ने ही अपने दो साथियों के नदी में डूबने की सूचना प्रशासन को दी। इसके बाद स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। मगर अंधेरा होने की वजह से बच्चों का सुराग नहीं लग पाया। आज सुबह फिर से सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। नदी में डूबे दोनों बच्चों की उम्र 16-16 साल बताई जा रही है। प्रशासन को दोनों बच्चों के कपड़े और जूते नदी किनारे मिले है। स्थानीय प्रशासन ने बच्चों की तलाश के लिए शिमला से NDRF की टीम को भी रोहड़ू बुलाया है। करासा और बनोटी के रहने वाले हैं किशोर नदी में डूबे किशोर में शिवेन रोशन पुत्र शिशु पाल निवासी करासा और सक्षम पुत्र राजदेव निवासी बनोटी शामिल है। बताया जा रहा है कि दोनों स्कूल से लौटने के बाद नदी में नहाने उतरे थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में डूब गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। स्थानीय स्तर पर तलाश के बाद अब NDRF की टीम भी दोनों किशोरों की खोज में जुटी हुई है। रोहड़ू स्कूल में करते थे पढ़ाई दोनों राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बॉयज रोहड़ू में पढ़ते थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। स्कूल परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। सर्च ऑपरेशन जारी: SDM SDM रोहड़ू धर्मेश रामोत्र ने बताया कि दोनों किशोरों की तलाश जारी है। शिमला से NDRF की टीम को बुलाया गया है और नदी में दोनों की तलाश की जा रही है।