हिमाचल प्रदेश में मानसून की बारिश से अगले छह दिन राहत के आसार नहीं है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार- राज्य में 20 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। खासर 17 और 18 अगस्त को कई भागों में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। IMD ने आज (शनिवार) भी बिलासपुर, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। कल यानी 16 अगस्त को चंबा, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में भारी बारिश का यलो अलर्ट दिया गया है। वहीं, शनिवार रात से वेस्टर्न डिस्टरबेंस ज्यादा स्ट्रांग होगा। इसके प्रभाव से 17 और 18 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है। ऑरेंज अलर्ट की चेतावनी देखते हुए लोगों को सतर्कता बरतने को कहा गया है। सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश इस मानसून सीजन में प्रदेश में अब तक सामान्य से करीब 10 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई है। एक जून से 14 अगस्त तक हिमाचल में सामान्य बारिश 497.2 मिलीमीटर होती है, जबकि इस बार 446 मिलीमीटर बारिश हुई है। मानसून में 181 लोगों की मौत मानसून सीजन के दौरान प्रदेश में अब तक 181 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें 103 मौतें सड़क दुर्घटनाओं में हुई हैं। लैंडस्लाइड से 14 लोगों की जान गई है, जबकि फ्लैश फ्लड से एक व्यक्ति की मौत हुई है। 955 करोड़ रुपए की संपत्ति तबाह मानसून के दौरान प्रदेश में सरकारी और निजी संपत्ति को करीब 955 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। अब तक 82 घर पूरी तरह जमींदोज हो चुके हैं, जबकि 164 मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। बारिश के बाद तापमान में गिरावट राज्य में बीते 24 घंटे के दौरान हुई बारिश से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे में शिमला का पारा 3.8॰C गिरने के बाद 22.6॰C, ऊना का 4.0॰C कम होने के बाद 32.2॰C, केलांग का 4.8॰C लुढ़कने के बाद 21.7॰C, मनाली का 4.0॰C गिरने के बाद 24.6॰C, मंडी का 3.8॰C कम होने के बाद 30.6॰C और कांगड़ा का अधिकतम तापमान 3.7॰C लुढ़कने के बाद 30.3॰C सेल्सियस रह गया है।

Spread the love