हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर भागों में मानसून धीमा पड़ा है। राज्य के 9 जिलों में बीते एक सप्ताह के दौरान सामान्य से कम बारिश हुई है। वहीं तीन जिलों में नॉर्मल से दोगुणा ज्यादा बादल बरसे है। सिरमौर जिला में सामान्य से 121 फीसदी अधिक और लाहौल स्पीति में सामान्य से 94 प्रतिशत कम बारिश हुई है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, प्रदेश में बीते एक सप्ताह के दौरान सामान्य से 19 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। अगले एक सप्ताह के दौरान भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से कम वर्षा होने का पूर्वानुमान है। IMD ने आज (7 अगस्त) बिलासपुर और कांगड़ा जिले के कुछ स्थानों पर भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में कोई चेतावनी नहीं है। इसी तरह, 8 और 9 अगस्त को कांगड़ा और सिरमौर जिले में भी यलो अलर्ट दिया गया है। 10 अगस्त को 7 जिलों में यलो अलर्ट 10 अगस्त को मानसून के फिर से सक्रिय होने के आसार हैं। इस दिन प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। इसे देखते हुए कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, शिमला, सिरमौर और किन्नौर जिलों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में 12 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बारिश से दिन के तापमान में आई गिरावट राज्य में बीते 24 घंटे के दौरान हुई बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। कल्पा का पारा सामान्य से 5.1 डिग्री कम होने के बाद 17.5°C, नाहन का 4.1 डिग्री कम होकर 23.9°C, ऊना का 3.4 डिग्री नीचे गिरने के बाद 29.4°C, बिलासपुर का 2.8 डिग्री गिरने के बाद 29.0°C, सोलन का 2.4 डिग्री कम होने के बाद 26.0°C रह गया है।