चंबा शहर में सोमवार शाम एक महिला पर दिनदहाड़े चाकू से हमला किया गया। घटना के करीब 15 घंटे बाद भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में दहशत का माहौल है। सूचना के अनुसार, एनएचपीसी में कार्यरत ज्योति शर्मा शाम ड्यूटी समाप्त कर स्कूटी से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में बाइक पर सवार दो युवकों ने कथित तौर पर गलत तरीके से ओवरटेक किया। इस पर महिला ने उन्हें टोका। महिला को घायल कर भागे आरोपी बताया जा रहा है कि कुछ दूरी आगे बढ़ने पर बाइक के पीछे बैठे एक युवक ने महिला की स्कूटी के पास पहुंचकर उनकी बाजू पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना चामुंडा माता मंदिर के समीप हुई। महिला के चीखने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और तब दोनों बाइक सवाल फरार हो गए। मगर महिला बाइक का नंबर नोट नहीं कर पाई। इससे अब तक बाइक सवार युवक ट्रेस नहीं हो पाए। घायल महिला युवकों को पहचान भी नहीं पाई, क्योंकि दोनों ने हेलमेट पहन रखा था।
स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया स्थानीय लोगों ने घायल महिला को पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज, चंबा पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने महिला का मेडिकल करवा दिया है। वारदात स्थल से कुछ दूरी पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं। घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Spread the love