हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र की निवासी और उत्तराखंड की बहू प्रो. नीतिका कौशल को प्रतिष्ठित ‘आउटस्टैंडिंग अचीवमेंट अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान शिक्षा, अनुसंधान, अकादमिक उत्कृष्टता और संस्थागत नेतृत्व के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड दोनों राज्यों का गौरव बढ़ा है। यह सम्मान उन्हें देहरादून स्थित वाडिया इंस्टीट्यूट ऑफ हिमालयन जियोलॉजी में आयोजित एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के दौरान दिया गया। सम्मेलन का विषय “एआई इनोवेशन्स इन हेल्थ केयर: शेपिंग द फ्यूचर ऑफ विकसित भारत-2047” था। इस आयोजन में देश-विदेश के कई शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भाग लिया। मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र की रहने वाली हैं प्रो. नीतिका मूल रूप से मंडी जिले के बल्ह क्षेत्र की रहने वाली प्रो. नीतिका कौशल वर्तमान में देहरादून के रस बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय के नारायण स्वामी कॉलेज ऑफ नर्सिंग में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने नर्सिंग शिक्षा और शोध के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। उनके नेतृत्व में संस्थान शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुसंधान और छात्र विकास में लगातार प्रगति कर रहा है। ग्लोबल वूमेन आइकॉन्स अवॉर्ड भी मिल चुका प्रो. कौशल को इससे पहले भी कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। इनमें ग्लोबल वूमेन आइकॉन्स अवॉर्ड, स्वामी विवेकानंद अचीवर्स प्राइड अवॉर्ड, देवभूमि राष्ट्रीय रत्न पुरस्कार, भारत श्री राष्ट्रीय रत्न पुरस्कार, वूमेन लीडरशिप इन हेल्थकेयर एजुकेशन अवॉर्ड, बेस्ट टीचर अवॉर्ड और वूमेन इंस्पिरेशन अवॉर्ड प्रमुख हैं। महत्वपूर्ण विषयों पर कर चुकीं रिसर्च बाल स्वास्थ्य नर्सिंग की विशेषज्ञ प्रो. नीतिका कौशल ने किशोर स्वास्थ्य, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, स्वास्थ्य शिक्षा और सामुदायिक स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन शोध कार्य किए हैं। उनकी अनेक शोध रचनाएं प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं। सम्मान प्राप्त करने के बाद प्रो. कौशल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिवार, शिक्षकों, विद्यार्थियों और सहयोगियों को दिया। उनकी इस उपलब्धि पर मंडी, बल्ह और देहरादून क्षेत्र में खुशी व्यक्त की गई है, और लोगों ने इसे दोनों राज्यों के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

Spread the love