हिमाचल प्रदेश में आज ऊंचाई वाले क्षेत्रों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में मौसम के साफ बने रहने के आसार हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी 3 दिनों तक प्रदेश के मैदानी और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहेगा। वहीं, 10 जून से प्रदेश में मौसम में बदलाव आने की संभावना है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 11 और 12 जून को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने बताया कि 7 से 9 जून तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहेगा। निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की कोई संभावना नहीं है, हालांकि ऊंचाई वाले कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 10 जून से निचले और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों के कुछ स्थानों पर हल्की बारिश शुरू होने के आसार हैं। 11 और 12 जून को मध्य एवं उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम अधिक सक्रिय रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने इन दो दिनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने और उत्तर भारत में सक्रिय मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ेगी। इसी के चलते 10 जून के बाद मौसम में यह बदलाव देखने को मिलेगा। तापमान में 3 से 8 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि की संभावना इसके अतिरिक्त, अगले 4 से 5 दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 3 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है। न्यूनतम तापमान में भी 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने लोगों, किसानों और बागवानों को 11 और 12 जून को संभावित मौसम गतिविधियों को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।

Spread the love